मुंगेली/भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय स्तर पर जारी निर्देश के तहत भारतीय मजदूर संघ जिला मुंगेली द्वारा मजदूरों की विभिन्न लंबित मांगों और श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर मंगलवार को जिला मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन एवं रैली का आयोजन किया गया। जिला मंत्री रविकांत सिंह ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध विभिन्न अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रमिक शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान मजदूरों ने केंद्र सरकार द्वारा जारी नवीन श्रम संहिता में किए गए प्रावधानों तथा प्रदेश के विभिन्न विभागों में कार्यरत श्रमिकों और कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर अपनी आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के पश्चात मजदूरों ने रैली निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रधानमंत्री के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
राष्ट्रीय न्यूनतम मजदूरी ₹30 हजार करने की मांग
भारतीय मजदूर संघ ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम सौंपे गए ज्ञापन में राष्ट्रीय न्यूनतम मजदूरी 30 हजार रुपये प्रतिमाह निर्धारित करने की प्रमुख मांग रखी। इसके साथ ही पुरानी पेंशन योजना लागू करने,ईएसआई की वेतन सीमा में बढ़ोतरी करने तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं में कार्यरत कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि करने की मांग की गई।
नगरीय निकाय कर्मचारियों के नवीन सेटअप और नियमितीकरण की मांग
ज्ञापन में नगरीय निकायों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए नवीन सेटअप लागू करने तथा लंबे समय से प्लेसमेंट के माध्यम से कार्य कर रहे कर्मचारियों को नियमित करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। संघ का कहना है कि वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे कर्मचारियों को सेवा सुरक्षा एवं नियमितीकरण का लाभ मिलना चाहिए।
इसके अलावा नवीन श्रम संहिता में श्रमिक विरोधी प्रावधानों को हटाने,श्रमिकों के हितों की रक्षा करने तथा विभिन्न विभागों में व्याप्त समस्याओं का निराकरण करने की मांग भी ज्ञापन के माध्यम से की गई।
धरना प्रदर्शन के बाद निकाली रैली
कलेक्ट्रेट के सामने आयोजित धरना कार्यक्रम में जिला मंत्री रविकांत सिंह ठाकुर के नेतृत्व में पदाधिकारियों एवं श्रमिकों ने अपनी मांगों को लेकर विचार रखे। जिलाध्यक्ष राजेश पुरी गोस्वामी तथा रसोइया संघ के महामंत्री राजेंद्र माण्डले ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रमिकों की समस्याओं और उनके अधिकारों पर अपनी बात रखी।
धरना प्रदर्शन के बाद सभी श्रमिक रैली के रूप में कलेक्ट्रेट की ओर रवाना हुए। रैली में बिजली कर्मचारी संघ,निर्माणी मजदूरी संघ एवं मध्यान्ह भोजन रसोईया संघ सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे। महिला श्रमिकों की भी बड़ी संख्या में सहभागिता रही।
रैली के दौरान श्रमिकों ने केंद्र की श्रम नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए “भारतीय मजदूर संघ जिंदाबाद” सहित विभिन्न नारे लगाए। कलेक्टर कार्यालय के सामने पुलिस की व्यवस्था के बीच प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
इस अवसर पर शिवम पाण्डेय,अजय शर्मा,गोवर्धन यादव,लव साहू,रामजी ध्रुव,हितिशनी नंद,वरनी,बसंती चंदेल,अंजू साहू,रामेश्वरी साहू,शिवकुमारी,देवकी,बृहस्पति देवी,ललिता बंजारे,सफुरा बंजारे,हीराबाई,पुष्पा,पूना,लता,कल्याणी देवी सहित भारतीय मजदूर संघ एवं विभिन्न अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारी,कार्यकर्ता एवं श्रमिक उपस्थित रहे।



