मुंगेली/सावन के पावन महीने में हरियाली,भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला,जब मुंगेली केशरवानी महिला समिति द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी स्थानीय भवानी साव रामलाल साव ट्रस्ट धर्मशाला में भव्य एवं रंगारंग सावन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। सावन के झूले पड़े,गीत-संगीत की मधुर स्वर लहरियां गूंजीं और धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ समिति के संरक्षकों एवं पदाधिकारियों तथा सदस्यों की उपस्थिति में कुलगुरु कश्यप मुनि की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर प्रदेश सलाहकार अनीता गुप्ता,राष्ट्रीय संगठन मंत्री जया गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं अध्यक्ष ज्योति गुप्ता, सचिव संध्या दीवान, कोषाध्यक्ष एवं प्रदेश मंत्री शुभलक्ष्मी केशरवानी सहित सुनीता गुप्ता,मनोरमा गुप्ता,अमिता केशरवानी एवं समिति की अन्य सदस्य उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई, जिसे संध्या दीवान एवं ज्योति गुप्ता ने प्रस्तुत किया। इसके पश्चात धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ। सुरेखा गुप्ता एवं टीम की ओर से वंदना केशरवानी,सुरेखा गुप्ता और विभा केशरवानी ने रामायण के चीरहरण प्रसंग को सुंदर पंडवानी शैली में प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। वहीं अनीता मल्हार ने मधुर गीत प्रस्तुत किया।
जया गुप्ता ने सावन माह से जुड़े भगवान शिव और श्रीकृष्ण के धार्मिक प्रसंगों का सुंदर उल्लेख करते हुए कार्यक्रम में आध्यात्मिक रंग भर दिया। इसके साथ ही सुनीता गुप्ता,वंदना,रंजीता,कनक,सविता,मेघा,शुचि,श्वेता,दिव्या,समीक्षा,शालिनी एवं अमूल ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम में भक्ति संगीत की भी विशेष प्रस्तुति रही। शुभलक्ष्मी,अमिता,सावित्री,कविता,सविता एवं रचना ने धार्मिक भजनों की प्रस्तुति दी। वहीं विभा एवं प्रभा के हास्य-चुटकुलों ने माहौल को खुशनुमा बना दिया और उपस्थित महिलाओं को खूब हंसाया।
नन्हे राधा-कृष्ण बने आकर्षण का केंद्र
सावन महोत्सव का सबसे मनमोहक आकर्षण नन्हे-मुन्ने बच्चों का राधा-कृष्ण स्वरूप रहा। कृतार्थ एवं सांघवी ने बाल राधा-कृष्ण के रूप में अपनी सुंदर प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया। उनकी मनमोहक वेशभूषा और मासूम अदाओं ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को आकर्षित किया और खूब सराहना प्राप्त की।
कार्यक्रम के दौरान ज्योति गुप्ता द्वारा फिल्मों पर आधारित मनोरंजक गेम का आयोजन भी किया गया। इसमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और खेल का भरपूर आनंद उठाया। गीत-संगीत,हंसी-मजाक और मनोरंजक गतिविधियों से कार्यक्रम का माहौल लगातार जीवंत बना रहा।
पर्ची सिस्टम से चुनी गईं सावन की रानियां
हर वर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी समिति द्वारा पर्ची सिस्टम के माध्यम से विभिन्न श्रेणियों में सावन क्वीन का चयन किया गया। कनक केशरवानी को सावन सुंदरी का ताज पहनाया गया।
इसके साथ ही रंजीता केशरवानी को सावन हरियाली क्वीन,ममता केशरवानी को सावन शिवशक्ति सुंदरी,मनोरमा गुप्ता को सावन कजरी क्वीन तथा दिव्या केशरवानी को सावन झूला क्वीन चुना गया। चयनित प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी महिलाओं एवं उपस्थित अतिथियों ने स्वल्पाहार ग्रहण किया। इसके बाद बनाए गए सेल्फी प्वाइंट पर महिलाओं और बच्चों ने जमकर फोटो खिंचवाईं और सावन महोत्सव की यादों को कैमरे में कैद किया।
केशरवानी महिला समिति का यह आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा,बल्कि इसमें धार्मिक आस्था,भारतीय संस्कृति,पारंपरिक लोक रंग,महिला सहभागिता और सामाजिक एकजुटता का सुंदर समावेश देखने को मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे और सभी ने सावन महोत्सव का भरपूर आनंद लिया।



