मुंगेली/सर्व ब्राह्मण परिषद जिला अध्यक्ष अवधेश शुक्ला के सानिध्य में तथा सर्व ब्राह्मण महिला परिषद नगर अध्यक्ष निधि पौराणिक के नेतृत्व में रविवार को पितृ पक्ष के प्रथम दिवस पर सेवा एवं मानवता की मिसाल पेश की गई। महिला परिषद की सदस्याएं ग्राम रामगढ़ स्थित आनंदाआश्रम पहुंचीं,जहां उन्होंने आश्रम में निवासरत वृद्धजनों से आत्मीय मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनके साथ समय बिताया।
इस अवसर पर महिला परिषद की सदस्यों ने वृद्धजनों को राशन सामग्री,हरी सब्जियां,फल,मिठाई सहित दैनिक उपयोग की विभिन्न आवश्यक वस्तुएं वितरण कीं। सामग्री प्राप्त होने पर आश्रम में निवासरत वृद्धजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए महिला परिषद की सदस्यों के प्रति आभार जताया।
पितृ पक्ष के प्रथम दिवस पर आयोजित इस सेवा कार्यक्रम के माध्यम से परिषद की महिलाओं ने बुजुर्गों की सेवा को सामाजिक दायित्व बताते हुए उनके बीच अपनापन और सम्मान का भाव प्रकट किया। महिला परिषद की सदस्यों ने कहा कि वृद्धजनों का आशीर्वाद और उनका स्नेह समाज के लिए अमूल्य धरोहर है। ऐसे अवसरों पर उनके बीच पहुंचकर उनकी आवश्यकताओं को समझना और यथासंभव सहयोग करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में सर्व ब्राह्मण महिला परिषद की नगर अध्यक्ष निधि पौराणिक के साथ ऋतु तिवारी,मेघा शुक्ला,श्रुति शुक्ला,करुणा पौराणिक,रौशनी उपाध्याय,सृष्टि शर्मा,ज्योति तिवारी,दीक्षा पाण्डेय,पूनम शुक्ला,वंदिता शर्मा,माया मिश्रा,अंजू मिश्रा,विनीता उपाध्याय,मीना तिवारी,संगीता पौराणिक,रानी मिश्रा,सुष्मा शर्मा एवं वंदना मिश्रा सहित अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी आयोजनकर्ताओं एवं महिला परिषद की सदस्यों का विशेष योगदान रहा। पितृ पक्ष के प्रथम दिवस पर आयोजित यह सेवा कार्य सामाजिक संवेदना,बुजुर्गों के प्रति सम्मान और मानव सेवा की भावना का संदेश देता नजर आया।



