27 नवंबर से 3 दिसंबर तक सात दिनों तक सजेगा व्यापार,मनोरंजन और संस्कृति का महाकुंभ;स्थानीय व्यापारियों को मिलेगा विशेष अवसर,राष्ट्रीय स्तर के उत्पादों के साथ दिखेगी मुंगेली की प्रतिभाओं की चमक
मुंगेली/‘मुंगेली का त्योहार’ के नाम से अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका मुंगेली व्यापार मेला 2026 एक बार फिर शहरवासियों के लिए उत्साह, उमंग और आकर्षण का केंद्र बनने जा रहा है। स्टार्स ऑफ टुमॉरो वेलफेयर सोसायटी, मुंगेली के तत्वावधान में 27 नवंबर से 3 दिसंबर तक आयोजित होने वाले सात दिवसीय व्यापार मेले की तैयारियों का विधिवत शुभारंभ हो गया है। मंत्रोच्चार एवं वैदिक विधि-विधान के साथ भूमि पूजन तथा मेला कार्यालय का उद्घाटन कर आयोजन का शंखनाद किया गया। भूमि पूजन के साथ ही मेले की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है और संस्था के सदस्य आयोजन को भव्य एवं यादगार बनाने की तैयारियों में जुट गए हैं।
300 स्टॉलों का लक्ष्य,अब तक 200 की बुकिंग
मुंगेली व्यापार मेला 2026 को लेकर आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में इस वर्ष के आयोजन को पहले से अधिक भव्य,आकर्षक और जनोपयोगी बनाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। बैठक में मेले के स्वरूप,व्यवस्थाओं,व्यापारिक गतिविधियों और विभिन्न आकर्षणों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस वर्ष मेले में कुल 300 स्टॉल लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है,जिसमें से लगभग 200 स्टॉलों की बुकिंग पूरी हो चुकी है। यह आंकड़ा मेले के प्रति व्यापारियों के बढ़ते विश्वास और उत्साह को दर्शाता है।
आयोजन में छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों के प्रतिष्ठित व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं राष्ट्रीय स्तर के उपयोगी उत्पादों को स्थान दिया जाएगा। इसके साथ ही शिक्षा,स्वास्थ्य,कृषि,ऑटोमोबाइल,लघु एवं कुटीर उद्योगों तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉलों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। इसका उद्देश्य केवल व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देना नहीं,बल्कि आम नागरिकों को एक ही परिसर में विभिन्न उत्पादों,सेवाओं और शासकीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना भी है।
स्थानीय व्यापारियों को मिलेगा व्यापार विस्तार का बेहतर मंच
संस्था के सचिव एवं स्टॉल प्रभारी विनोद यादव ने बताया कि इस वर्ष स्थानीय व्यापारियों को विशेष रूप से प्रोत्साहित करने की योजना बनाई गई है। अक्सर बड़े आयोजनों में बाहरी व्यापारिक प्रतिष्ठानों को अधिक अवसर मिलते हैं,लेकिन मुंगेली व्यापार मेले के माध्यम से स्थानीय व्यापारियों को भी अपने उत्पादों एवं सेवाओं का प्रचार-प्रसार करने तथा व्यवसाय का विस्तार करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि मेले में 300 स्टॉल लगाने का लक्ष्य रखा गया है,जिनमें से लगभग 200 स्टॉलों की बुकिंग हो चुकी है। शेष स्टॉलों के लिए भी व्यापारियों में अच्छा उत्साह देखने को मिल रहा है।
एक दशक की सफलता,अब राष्ट्रीय पहचान बनाने का संकल्प
संस्था के संयोजक रामपाल सिंह ठाकुर ने कहा कि मुंगेली व्यापार मेला आज केवल एक व्यापारिक आयोजन तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह शहर की पहचान और सामूहिक उत्सव का स्वरूप ग्रहण कर चुका है। संस्था पिछले एक दशक से लगातार इस आयोजन को सफलतापूर्वक आयोजित करती आ रही है। ग्यारहवें वर्ष में प्रवेश कर रहे इस आयोजन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना संस्था का सामूहिक संकल्प है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि मुंगेली व्यापार मेले को प्रदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी एक विशिष्ट पहचान दिलाई जाए। व्यापार,मनोरंजन,संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं को एक ही मंच पर अवसर प्रदान करना ही इस आयोजन की मूल भावना है।
यादगार आयोजन के लिए प्रत्येक सदस्य निभाएगा जिम्मेदारी
संस्था के अध्यक्ष महावीर सिंह ने कहा कि इस वर्ष व्यापार मेले को लेकर शहरवासियों एवं व्यापारियों में विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है। आयोजन को यादगार और बेमिसाल बनाने के लिए संस्था के प्रत्येक सदस्य को पूरी ऊर्जा,समर्पण और जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने सभी सदस्यों से आपसी समन्वय और सहयोग के साथ आयोजन की तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आह्वान किया।
इस बार नए आकर्षणों के साथ दिखेगा मनोरंजन और संस्कृति का संगम
संस्था के सहसंयोजक रामशरण यादव ने बताया कि मेले को आकर्षक,व्यवस्थित और जनसहभागिता से परिपूर्ण बनाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। इस वर्ष अनेक नवीन गतिविधियों,मनोरंजक कार्यक्रमों और विशेष आकर्षणों को शामिल किया जाएगा। खास बात यह रहेगी कि मुंगेली की स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला, हुनर और रचनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने के लिए विशेष मंच उपलब्ध कराया जाएगा। इससे स्थानीय कलाकारों और प्रतिभाशाली युवाओं को अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।
व्यापार के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का भी बनेगा केंद्र
मुंगेली व्यापार मेले का उद्देश्य शहरवासियों को खरीदारी और व्यापारिक गतिविधियों के साथ मनोरंजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का एक ऐसा मंच उपलब्ध कराना है,जहां परिवार के सभी आयु वर्ग के लोग अपनी रुचि के अनुरूप गतिविधियों का आनंद उठा सकें। संस्था का प्रयास है कि इस वर्ष का आयोजन व्यापारिक गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक,सांस्कृतिक और मनोरंजन के विविध रंगों से सराबोर रहे। सात दिनों तक चलने वाला यह आयोजन शहर के व्यापारिक वातावरण को नई ऊर्जा देने के साथ स्थानीय व्यवसाय,उद्यमिता और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।
कुल मिलाकर 27 नवंबर से शुरू होने जा रहा मुंगेली व्यापार मेला 2026 इस बार 300 स्टॉलों,राष्ट्रीय स्तर के उत्पादों,स्थानीय व्यापारियों की भागीदारी और नए मनोरंजक आकर्षणों के साथ शहरवासियों के लिए एक यादगार उत्सव बनने की तैयारी में है। भूमि पूजन के साथ शुरू हुआ यह आयोजन अब धीरे-धीरे अपने भव्य स्वरूप की ओर बढ़ रहा है।
इस अवसर पर संस्था के संयोजक रामपाल सिंह,सहसंयोजक रामशरण यादव,अध्यक्ष महावीर सिंह,सचिव विनोद यादव,कोषाध्यक्ष धनराज परिहार,दिनेश गोयल,सतपाल मक्कड़,गोखलेश सिंह,विकास जैन,देवेंद्र परिहार,दीपक जैन,रणवीर सिंह,श्रेणिक पारख,नीलेश केशरवानी,आशीष सोनी,अनुराग सिंह,सूरज मंगलानी,गिरीश सुथार,मुकेश पांडेय,सुनील वाधवानी,अनीश जैन,देवशंकर श्रीवास्तव,गौरव जैन,कोमल चौबे,धीरज जैन,नागेश साहू,संदीप सिंह,पप्पू शर्मा,राहुल मल्लाह,पवन यादव,श्रेयांश बैद,आर्या सिंह,वासु पांडेय,रवि साहू,आशीष सिंह,राहुल साहू,वैभव ताम्रकार,रॉकी सलूजा,देवेंद्र गहरवार,दिलबाग सिंह,अजय चंद्राकर,चित्रकान्त सिंह,संतोष जांगड़े,श्रीओम सिंह,रघुराज सिंह,सुरेश यादव,परमेश्वर देवांगन,अमित साहू सहित संस्था के सभी सदस्य उपस्थित रहे।



