10.20 ग्राम ब्राउन शुगर, तीन मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन सहित कुल 1 लाख 65 हजार 80 रुपये की संपत्ति जब्त,ऑपरेशन बाज के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई
मुंगेली/जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए मुंगेली पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने सूखे नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध बड़ी सफलता हासिल करते हुए ब्राउन शुगर की बिक्री की तैयारी कर रहे चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 10.20 ग्राम ब्राउन शुगर,तीन मोबाइल फोन और नशे के पदार्थ को तौलने वाली इलेक्ट्रॉनिक मशीन जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 1 लाख 65 हजार 80 रुपये बताई गई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि तीन आरोपी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से बस के माध्यम से ब्राउन शुगर खरीदकर मुंगेली लाए थे और यहां इसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बिक्री करने की तैयारी कर रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार,भारत सरकार द्वारा संचालित ‘नशा मुक्त भारत पखवाड़ा’ के तहत मादक पदार्थों की अवैध तस्करी एवं बिक्री करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी तारतम्य में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने जिले में संचालित ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत ब्राउन शुगर,चरस,अफीम सहित अन्य सूखे नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मुंगेली आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान 14 नवंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सरदार पटेल वार्ड निवासी सुरेन्द्र पटेल के घर के पीछे स्थित बाड़ी में चार व्यक्ति ब्राउन शुगर बिक्री करने के उद्देश्य से रखे हुए हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल एवं थाना सिटी कोतवाली मुंगेली की संयुक्त टीम गठित कर तत्काल मौके पर रवाना किया गया। पुलिस टीम ने मुखबिर के बताए स्थान पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की और मौके से चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उनकी पहचान जयकुमार साहू (21 वर्ष),दीपक यादव (22 वर्ष),रोशन पटेल (20 वर्ष) एवं देवा उर्फ वेदव्यास साहू (23 वर्ष),सभी निवासी मुंगेली के रूप में हुई।
पुलिस द्वारा गवाहों की उपस्थिति में विधिवत तलाशी लेने पर चारों आरोपियों के कब्जे से तीन पैकेट में कुल 10.20 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। पूछताछ के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि जयकुमार साहू, दीपक यादव एवं रोशन पटेल 13 नवंबर को बस से प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) गए थे,जहां से ब्राउन शुगर खरीदकर मुंगेली वापस आए थे। इसके बाद 14 नवंबर को चारों आरोपी मिलकर उक्त मादक पदार्थ की बिक्री करने के उद्देश्य से इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन की सहायता से छोटी-छोटी पुड़िया तैयार करने की तैयारी कर रहे थे।
एक लाख 65 हजार रुपये से अधिक की सामग्री जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10.20 ग्राम ब्राउन शुगर,जिसकी कीमत 59 हजार रुपये बताई गई है, तीन मोबाइल फोन कीमत 1 लाख 6 हजार 80 रुपये तथा ब्राउन शुगर तौलने वाली इलेक्ट्रॉनिक मशीन जब्त की है। इस प्रकार जब्त सामग्री की कुल कीमत 1 लाख 65 हजार 80 रुपये बताई गई है।
चारों आरोपियों के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध क्रमांक 427/2026,धारा 21(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके पश्चात 15 नवंबर 2026 को आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
साइबर सेल और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम की अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक अखिलेश वैष्णव (प्रभारी थाना प्रभारी सिटी कोतवाली मुंगेली),उपनिरीक्षक सत्येन्द्र पुरी गोस्वामी (प्रभारी साइबर सेल),प्रधान आरक्षक नवीन जांगड़े,उपनिरीक्षक पारख साहू,सहायक उपनिरीक्षक विजय बंजारा,प्रधान आरक्षक नोखेलाल कुर्रे,नरेश यादव,यशवंत डाहिरे,मनोज ठाकुर,राजेश बंजारे,दिलीप साहू,आरक्षक रवि मिन्ज,गिरीराज सिंह,भेषज पाण्डेकर,राहुलकांत कश्यप,हेमसिंह ठाकुर,परमेश्वर जांगड़े,राहुल यादव,राकेश बंजारे,अतुल ठाकुर,योगेश यादव,विकास ठाकुर,अरुण साहू एवं नोहर डडसेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नशे के अवैध कारोबार की सूचना पुलिस को दें :एसएसपी भोजराम पटेल
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि जिले में कहीं भी मादक पदार्थों की अवैध तस्करी,बिक्री अथवा नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने नागरिकों से नशामुक्त समाज के निर्माण में मुंगेली पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।
पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में सूखे नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि पुलिस की आगे की जांच में इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और इसकी आपूर्ति करने वाले नेटवर्क के संबंध में क्या जानकारी सामने आती है।



