मुंगेली/आगामी गणेश उत्सव को लेकर नगर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। एक ओर जहां मूर्तिकार भगवान श्रीगणेश की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं, वहीं दूसरी ओर नगर की विभिन्न गणेश उत्सव समितियों द्वारा भव्य पंडालों के निर्माण के साथ आकर्षक साज-सज्जा की तैयारियां की जा रही हैं। लेकिन इन तमाम तैयारियों के बीच सबसे अलग और मनमोहक उत्साह नगर के नन्हे-मुन्ने बच्चों में देखने को मिल रहा है,जो अपने बाल गणेशा के आगमन को लेकर खासे उत्साहित नजर आ रहे हैं।
सुबह होते ही बच्चों की टोलियां हाथों में चंदाबुक लेकर अपने गली-मोहल्लों और आसपास के क्षेत्रों में निकल पड़ती हैं। चेहरे पर मासूमियत,आंखों में उत्साह और मन में गणेश उत्सव को लेकर उमंग लिए ये बच्चे लोगों से मिलकर अपने बाल गणेशा की स्थापना के लिए सहयोग राशि जुटा रहे हैं। इसी क्रम में नगर पालिका कार्यालय में भी एक ऐसा ही भावुक और खुशनुमा नजारा देखने को मिला,जिसने वहां मौजूद लोगों के चेहरों पर मुस्कान ला दी।
अचानक अध्यक्ष के कक्ष में पहुंची नौनिहालों की टोली
नगर पालिका कार्यालय में नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला अपने कक्ष में मौजूद थे। इसी दौरान कुछ नन्हे बच्चे अचानक उनके कक्ष में पहुंच गए। बच्चों के हाथों में चंदाबुक थी और चेहरे पर गणेश उत्सव की खुशी साफ झलक रही थी। बच्चों ने बिना किसी झिझक के अपनी चंदाबुक अध्यक्ष के सामने बढ़ाई और मासूमियत भरी निगाहों से अपने बाल गणेशा के लिए सहयोग राशि की मांग की।
बच्चों की मासूमियत और उनके उत्साह को देखकर नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला भी भावुक हो उठे। उन्होंने बच्चों को आत्मीयता के साथ अपने कक्ष में बैठाया और उनके लिए जलपान की व्यवस्था कराई। इसके बाद बच्चों की इच्छा के अनुरूप उन्हें गणेश उत्सव के लिए सहयोग प्रदान किया।
सहयोग मिलते ही खिल उठे बच्चों के चेहरे
अध्यक्ष से सहयोग राशि मिलने के बाद बच्चों के चेहरों पर खुशी देखते ही बन रही थी। ऐसा लग रहा था मानो उन्हें कोई बड़ी खुशी मिल गई हो। उनके चेहरों की चमक और उत्साह यह बताने के लिए काफी था कि उनके लिए यह सहयोग राशि महज चंदा नहीं बल्कि अपने बाल गणेशा के स्वागत की तैयारी में मिली एक बड़ी खुशी थी।
बच्चों की खुशी देखकर माहौल पूरी तरह भावुक और खुशनुमा हो गया। मानो नौनिहालों की टोली अपने बाल गणेशा से यही कह रही हो—
“वो मेरे फ्रेंड गणेशा… तू रहना साथ हमेशा…”
बच्चों से मिलकर अध्यक्ष को याद आया अपना बचपन
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने कहाकि इन बच्चों से मिलकर उन्हें एक पल के लिए अपना बचपन याद आ गया। उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव का यह दौर हर किसी के जीवन से जुड़ा हुआ है। बचपन में वे भी अपने दोस्तों के साथ गली-मोहल्लों और आसपास के क्षेत्रों में गणेश उत्सव के लिए चंदा मांगने जाया करते थे।
उन्होंने कहा कि चंदा इकट्ठा करने के बाद भगवान श्रीगणेश की स्थापना की जाती थी और फिर पूरे दस दिनों तक यार-दोस्तों के साथ मिलकर उत्साह और श्रद्धा के साथ गणेश उत्सव मनाया जाता था। आज इन बच्चों को उसी परंपरा को आगे बढ़ाते देखकर उन्हें अपने बचपन की यादें ताजा हो गईं।
“ये बच्चे हमारी संस्कृति और परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं”
नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने कहाकि ये नन्हे बच्चे केवल गणेश उत्सव की तैयारी नहीं कर रहे हैं,बल्कि हमारी सनातन संस्कृति,आस्था और परंपराओं को संजोकर रखने का कार्य भी कर रहे हैं। जिस परंपरा को कभी पिछली पीढ़ी ने आगे बढ़ाया था,आज वही जिम्मेदारी ये नौनिहाल अपने कंधों पर लेकर आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से बच्चों में सामाजिक सहभागिता,आपसी भाईचारा,सहयोग और धार्मिक-सांस्कृतिक मूल्यों की भावना विकसित होती है। इसलिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को ऐसे प्रयासों को प्रोत्साहित करना चाहिए।
नपा अध्यक्ष ने नगरवासियों से की सहयोग की अपील
रोहित शुक्ला ने नगरवासियों से अपील करते हुए कहाकि यदि उन्हें कहीं ऐसे नन्हे बच्चे गणेश उत्सव के लिए चंदा मांगते हुए दिखाई दें तो उनकी क्षमता के अनुसार जरूर सहयोग करें। उन्होंने कहा कि बच्चों का उत्साह बढ़ाना केवल आर्थिक सहयोग करना नहीं है,बल्कि हमारी आने वाली पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का प्रयास भी है।
उन्होंने कहाकि यदि आज हम इन बच्चों का उत्साह बढ़ाएंगे तो आने वाली पीढ़ी भी इसी परंपरा की डोर को मजबूती से पकड़कर आगे बढ़ाएगी और हमारी सांस्कृतिक विरासत निरंतर जीवंत बनी रहेगी।
गणेश उत्सव की तैयारियों के बीच नगर पालिका कार्यालय में देखने को मिला यह छोटा-सा दृश्य वास्तव में बचपन की मासूमियत,आस्था,परंपरा और संस्कारों का खूबसूरत संगम रहा,जिसने यह संदेश दिया कि त्योहारों की असली खुशी बड़े आयोजनों में ही नहीं,बल्कि बच्चों की उन छोटी-छोटी खुशियों में भी छिपी होती है।
इस अवसर पर लक्ष्मीकांत भास्कर,राजेश छेदइया,पप्पू शर्मा,असद खोखर,धीरज पाण्डेय एवं रवि यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



