मुंगेली/पर्यावरण संरक्षण और शहर को हराभरा बनाने के संकल्प के साथ स्टार्स ऑफ टुमॉरो वेलफेयर सोसायटी द्वारा संचालित ‘हरियर मुंगेली–सुघ्घर मुंगेली’ अभियान लगातार अपने उद्देश्य की ओर आगे बढ़ रहा है। अभियान के दसवें वर्ष के 10वें चरण का आयोजन पेंडाराकांपा साहू समाज मुक्तिधाम में किया गया। इस चरण को दो दिन पूर्व मनाए गए शिक्षक दिवस के अवसर को याद करते हुए शिक्षकों को समर्पित किया गया।
अभियान के तहत संस्था के सदस्यों एवं उपस्थित पर्यावरण प्रेमियों ने मुक्तिधाम परिसर में नीम,कदम,बादाम,गुलमोहर,जामुन,करंज सहित विभिन्न प्रजातियों के 30 पौधों का रोपण किया। पौधरोपण के साथ ही सभी उपस्थित लोगों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल,संरक्षण और उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने का संकल्प लिया।
‘गुरु और प्रकृति दोनों आने वाली पीढ़ियों का भविष्य संवारते हैं’
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष महावीर सिंह ने कहा कि शिक्षक सिर्फ विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देने का कार्य नहीं करते, बल्कि वे समाज को सही दिशा देने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के संस्कार और भविष्य को गढ़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में शिक्षकों के सम्मान में पौधरोपण करना प्रकृति और गुरुजनों दोनों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का सार्थक प्रयास है।
उन्होंने कहा कि एक पौधा लगाना केवल पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत नहीं,बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, हरियाली और बेहतर जीवन देने का संकल्प है। लगाए गए पौधे जब बड़े होकर वृक्ष बनेंगे तो वे समाज को छाया,फल और स्वच्छ वातावरण प्रदान करेंगे।
पौधे लगाना ही नहीं,वृक्ष बनने तक संरक्षण भी जरूरी
संस्था के सचिव विनोद यादव ने कहाकि ‘हरियर मुंगेली–सुघ्घर मुंगेली’ अभियान का उद्देश्य केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है। संस्था का प्रयास है कि लगाए गए प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल की जाए और उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित किया जाए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण तभी सार्थक होगा, जब समाज में प्रत्येक व्यक्ति पेड़-पौधों के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझे।
उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस को समर्पित यह चरण पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना को मजबूत करने वाला संदेश भी देता है।
हर चरण को खास अवसर से जोड़ने का प्रयास
दसवें चरण के अभियान प्रभारी एवं संस्था के कोषाध्यक्ष धनराज परिहार ने कहा कि अभियान के प्रत्येक चरण को समाज के किसी महत्वपूर्ण अवसर वर्ग या विषय को समर्पित करने का प्रयास किया जाता है। इस बार शिक्षक दिवस के अवसर को ध्यान में रखते हुए पौधरोपण के माध्यम से शिक्षकों के सम्मान का संदेश दिया गया।
उन्होंने कहा कि संस्था का प्रयास है कि अभियान के अंतर्गत लगाए जाने वाले प्रत्येक पौधे की नियमित निगरानी और देखभाल हो ताकि आने वाले वर्षों में ये पौधे छायादार एवं फलदार वृक्ष बनकर समाज और पर्यावरण को लाभ पहुंचा सकें।
पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा अभियान
गौरतलब है कि ‘हरियर मुंगेली–सुघ्घर मुंगेली’ अभियान के माध्यम से संस्था द्वारा लंबे समय से शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में पौधरोपण और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जनजागरूकता का प्रयास किया जा रहा है। अभियान के दसवें वर्ष में 10वें चरण तक पहुंचना संस्था के निरंतर प्रयासों को दर्शाता है। मुक्तिधाम परिसर में पौधरोपण के माध्यम से जहां हरियाली बढ़ाने का प्रयास किया गया,वहीं समाज को यह संदेश भी दिया गया कि पौधा लगाना जितना जरूरी है,उसकी जिम्मेदारी उठाना उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में संस्था के सहसंयोजक रामशरण यादव,अध्यक्ष महावीर सिंह,सचिव विनोद यादव,कोषाध्यक्ष धनराज परिहार,सतपाल मक्कड़,गोखलेश सिंह,विकास जैन,दीपक जैन,श्रेणिक पारेख,अनुराग सिंह,गिरीश सुथार,पप्पू शर्मा,अनीश जैन,कोमल चौबे,आर्या सिंह,वासु पांडेय,रवि साहू,आशीष सिंह,वैभव ताम्रकार,अजय चंद्राकर,चित्रकान्त सिंह,संतोष जांगड़े,श्रीओम सिंह,दिलबाग सिंह,रघुराज सिंह,सुरेश यादव,परमेश्वर देवांगन सहित पर्यावरण प्रेमी,अरविंद रूपवानी,प्रियांक गुप्ता,सुमित उपाध्याय,यूट्यूबर अमन राजा,महाराणा प्रताप वार्ड पार्षद कुलदीप पाटले,नरेंद्र साहू एवं सागर वैष्णव सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।



