मुंगेली/भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) छत्तीसगढ़ द्वारा संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नागेश गुप्ता को मुंगेली जिले का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से जिले के छात्र संगठन में उत्साह का माहौल है। राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ की अनुशंसा पर प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय ने नागेश गुप्ता की नियुक्ति का आदेश जारी किया।
जिलाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने के पश्चात नागेश गुप्ता ने कांग्रेस कमेटी के जिला उपाध्यक्ष संजय यादव के निवास पहुंचकर उनसे आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच संगठनात्मक गतिविधियों और राजनीतिक विषयों पर सौहार्दपूर्ण चर्चा हुई। संजय यादव ने नागेश गुप्ता को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना करते हुए कहाकि नागेश की नियुक्ति पर युवाओं में उत्साह है।कांग्रेस संगठन को युवा जोश का लाभ मिलेगा और संगठन और ज्यादा मजबूत होगा।
वहीं,पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र मिश्रा ने भी नागेश गुप्ता को जिलाध्यक्ष नियुक्त होने पर बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की। नेताओं ने नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए संगठन के प्रति समर्पण और सक्रियता के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई।
NSUI में जिलाध्यक्ष का दायित्व मिलने के बाद नागेश गुप्ता के सामने जिले के छात्र-छात्राओं के बीच संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, युवाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने तथा छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने की जिम्मेदारी होगी। छात्र संगठन में युवाओं की भागीदारी बढ़ाना और उनकी आवाज को उचित मंच तक पहुंचाना भी संगठनात्मक कार्यों का महत्वपूर्ण हिस्सा रहेगा।
इस अवसर पर राजेश छेदइया,हिमांशु यादव,दीपक जायसवाल एवं सागर जायसवाल उपस्थित रहे। सभी ने नागेश गुप्ता को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
नागेश गुप्ता की नियुक्ति को जिले में NSUI की संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है। अब सभी की निगाहें उनके आगामी कार्यों और छात्र हितों के लिए किए जाने वाले प्रयासों पर रहेंगी।



