अखंड ब्राह्मण समाज सेवा समिति की तीन दिवसीय आयोजन की तैयारी तेज,पदाधिकारियों ने नगरवासियों से परिवार सहित शामिल होने की अपील की
मुंगेली/शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर नगर में धार्मिक उत्साह और सांस्कृतिक उल्लास के बीच अखंड ब्राह्मण समाज सेवा समिति,मुंगेली के तत्वावधान में तीन दिवसीय रास गरबा इंडिया महोत्सव 2026 का आयोजन 12 से 14 अक्टूबर तक किया जाएगा। आयोजन को लेकर समिति के पदाधिकारियों एवं महिला सदस्यों द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। इसी कड़ी में समाज के प्रतिनिधिमंडल ने जिले के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया।
समिति के पदाधिकारियों एवं महिला सदस्यों ने कलेक्टर अमृत विकास तोपनो,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल,अपर कलेक्टर निष्ठा पांडेय तिवारी,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा तथा उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह सहित अन्य अधिकारियों को आमंत्रण पत्र सौंपकर महोत्सव में शामिल होने का आग्रह किया।
समिति द्वारा आयोजित यह महोत्सव नवरात्र पर्व की धार्मिक परंपराओं के साथ भारतीय लोक संस्कृति और गरबा नृत्य की सुंदर छटा प्रस्तुत करेगा। आयोजन के माध्यम से नगरवासियों को एक ऐसा मंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है,जहां लोग परिवार सहित शामिल होकर माता रानी की आराधना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद ले सकें।
12 से 14 अक्टूबर तक होगा आयोजन
आयोजकों ने बताया कि रास गरबा इंडिया महोत्सव का आयोजन प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात्रि 11 बजे तक किया जाएगा। कार्यक्रम का स्थल सेंट जेवियर स्कूल,पंडरिया रोड,मुंगेली निर्धारित किया गया है। तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में नवरात्र की परंपरा,गरबा नृत्य और उत्सवी माहौल देखने को मिलेगा।आयोजन का ये शानदार चौथा वर्ष है
समिति के सदस्यों ने बताया कि पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी आयोजन को लेकर समाज के लोगों में उत्साह है। आयोजन को सफल बनाने के लिए पदाधिकारी और सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
समिति ने नगरवासियों से की सहभागिता की अपील
अखंड ब्राह्मण समाज सेवा समिति के पदाधिकारियों ने नगरवासियों से अपील की है कि वे नवरात्र के इस पावन अवसर पर आयोजित रास गरबा महोत्सव में अपने परिवार और मित्रों के साथ शामिल हों तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक उत्सव की गरिमा बढ़ाएं। समिति का उद्देश्य समाज में आपसी सद्भाव,सांस्कृतिक एकता और धार्मिक उत्साह को प्रोत्साहित करना है।
इस दौरान ब्राह्मण समाज के उपाध्यक्ष स्वतंत्र मिश्रा,मनोज तिवारी,मनोज मिश्रा एवं रवि शुक्ला उपस्थित रहे। वहीं मंजुला शर्मा प्रदेश महासचिव
अखंड ब्राह्मण समाज,अखंड ब्राह्मण समाज सेवा समिति की जिला अध्यक्ष उर्वशी पाठक,सचिव कल्पना मिश्रा और सहसचिव रश्मि तिवारी सहित अन्य सदस्य भी आयोजन की तैयारियों एवं आमंत्रण कार्यक्रम में सक्रिय रहे।
समिति ने सभी श्रद्धालुओं और नगरवासियों को रास गरबा इंडिया महोत्सव 2026 में सादर आमंत्रित करते हुए आयोजन को सफल बनाने में सहभागिता निभाने का आग्रह किया है।



