मुंगेली/नगर की जीवनदायिनी और आस्था का केंद्र कही जाने वाली आगर नदी के दिन अब बहुरने वाले हैं। लंबे समय से उपेक्षा का दंश झेल रही और कचरे के ढेर में तब्दील हो चुकी आगर नदी को कचरा मुक्त,स्वच्छ और संरक्षित करने के लिए मुंगेली के जागरूक नागरिकों द्वारा जिला प्रशासन से लगातार गुहार लगाई जा रही थी। जनभावनाओं और नागरिकों की इस जायज मांग को बेहद गंभीरता से लेते हुए जिले के संवेदनशील कलेक्टर कुंदन कुमार ने एक ऐतिहासिक पहल की है।
कलेक्टर के कुशल मार्गदर्शन में नगर पालिका परिषद एवं जल संसाधन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से आगर नदी के कायाकल्प के लिए एक वृहद स्वच्छता अभियान का शंखनाद किया गया। वर्तमान में नदी के भीतर और किनारों पर जमी गंदगी व सिल्ट को हटाने के लिए युद्ध स्तर पर जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं।
अधिकारियों ने किया निरीक्षण,मानसून को देखते हुए गति बढ़ाने के निर्देश
इस महाअभियान के दूसरे दिन प्रशासनिक अमला मैदान में उतरा। एसडीएम अजय शतरंज एवं नगर पालिका के सीएमओ होरी सिंह ठाकुर ने आगर नदी के सफाई कार्य का बारीकी से औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद तकनीकी टीम को निर्देशित किया कि आगामी मानसून के आगमन को देखते हुए कार्य की रफ्तार को और तेज किया जाए, ताकि बारिश का पानी आने से पहले नदी का प्रवाह मार्ग पूरी तरह साफ हो सके और जल भराव की स्थिति निर्मित न हो।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका परिषद के इंजीनियर नेमीचंद वर्मा एवं करणी सेना के नगर प्रभारी रविराज सिंह ठाकुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे
चलाया जाएगा महाअभियान:आने वाले दिनों में होगा वृहद श्रमदान
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नदी को सिर्फ प्रशासनिक प्रयासों से साफ नहीं रखा जा सकता,इसके लिए जनभागीदारी सबसे जरूरी है। आने वाले दिनों में आगर नदी को हमेशा के लिए स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए एक विशाल ‘श्रमदान अभियान’ चलाया जाएगा। प्रशासन ने नगर के आम नागरिकों,जनप्रतिनिधियों,सामाजिक संगठनों,युवाओं और जिले के सभी शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों से अपील की है कि वे इस पवित्र अभियान का हिस्सा बनें और अपनी जीवनदायिनी नदी को बचाने के लिए श्रमदान करें।
आगर नदी मुंगेली की धरोहर और जीवन रेखा है:कुंदन कुमार कलेक्टर,मुंगेली
कलेक्टर कुंदन कुमार ने कहाकि आगर नदी केवल एक जलस्रोत नहीं है,बल्कि यह मुंगेली नगर की जीवन रेखा और सांस्कृतिक धरोहर है। नागरिकों की मांग पूरी तरह से जायज थी। हमारा उद्देश्य नदी को पूरी तरह से कचरा मुक्त और पुनर्जीवित करना है। इसके लिए जल संसाधन विभाग और नगर पालिका को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं। यह अभियान केवल सरकारी प्रयास नहीं है,बल्कि हम इसमें जन-भागीदारी सुनिश्चित करेंगे ताकि भविष्य में भी नदी स्वच्छ बनी रहे।
मानसून से पहले नदी की मुकम्मल सफाई हमारी प्राथमिकता:अजय शतरंज,एसडीएम
एसडीएम अजय शतरंज ने कहाकि आदरणीय कलेक्टर कुंदन कुमार जी के कुशल मार्गदर्शन और दूरदर्शी सोच के कारण ही आज आगर नदी को नया जीवन देने का यह महाअभियान शुरू हो पाया है। कलेक्टर महोदय के कड़े निर्देशों के तहत हम स्वयं ग्राउंड जीरो पर मॉनिटरिंग कर रहे हैं। मानसून को देखते हुए हमने काम की गति बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर साहब की मंशानुसार इस अभियान को एक जन-आंदोलन का रूप दिया जाएगा,जिसमें हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
नदी को स्वच्छ रखने में सभी की भागीदारी जरूरी:होरी सिंह ठाकुर,सीएमओ,नगर पालिका
नगर पालिका सीएमओ होरी सिंह ठाकुर ने कहाकि कलेक्टर कुंदन कुमार जी की यह पहल मुंगेली नगर के इतिहास में एक मिसाल बनेगी। उनके कुशल नेतृत्व में नगर पालिका की पूरी टीम और मशीनरी आगर नदी को कचरा मुक्त बनाने के लिए दिन-रात जुटी हुई है। कलेक्टर महोदय के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए हम आने वाले दिनों में शहरवासियों के सहयोग से एक वृहद श्रमदान कार्यक्रम आयोजित करने जा रहे हैं,ताकि नदी की स्वच्छता और गरिमा को हमेशा के लिए बहाल रखा जा सके।
नागरिकों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई,जिला प्रशासन का आभार:रविराज सिंह ठाकुर,नगर प्रभारी,करणी सेना
करणी सेना के नगर प्रभारी रविराज सिंह ठाकुर ने कहाकि मुंगेली नगर के नागरिक वर्षों से आगर नदी की दुर्दशा को लेकर चिंतित थे। हम जिला कलेक्टर कुंदन कुमार का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं,जिन्होंने जनता की इस वर्षों पुरानी मांग को गंभीरता से लिया और धरातल पर यह शानदार कार्य शुरू करवाया। कलेक्टर साहब के इस सराहनीय और ऐतिहासिक प्रयास में पूरे नगरवासी जिला प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। हम सब मिलकर अपनी जीवनदायिनी को पुनःस्वच्छ और सुंदर बनाएंगे।



