मुंगेली/मुंगेली नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले व्यस्ततम और आस्था के केंद्र दाऊपारा गुरु घासीदास बाबा चौक पर आने-जाने वाले राहगीरों और श्रद्धालुओं को जल्द ही भीषण गर्मी में ठंडे पानी की बड़ी राहत मिलने वाली है। प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज के पदाधिकारियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला को एक मांग पत्र सौंपकर चौक पर शीतल पेयजल प्याऊ (वॉटर कूलर/फ्रीजर) स्थापित करने का आग्रह किया,जिस पर अध्यक्ष ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत अपनी सहमति दी है।
श्रद्धालुओं और राहगीरों की सुविधा के लिए उठाई मांग
सौंपे गए मांग पत्र में समाज के लोगों ने बताया कि दाऊपारा स्थित परम पूज्य गुरु घासीदास बाबा चौक एक प्रमुख केंद्र है,जहाँ प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं,राहगीरों और आम नागरिकों का आवागमन लगा रहता है। विशेषकर ग्रीष्म ऋतु (गर्मी के मौसम) में यहाँ से गुजरने वाले लोगों को शुद्ध और ठंडे पेयजल की भारी किल्लत का सामना करना पड़ता है। यदि यहाँ एक आधुनिक प्याऊ (फ्रीजर) की व्यवस्था हो जाती है,तो यह जनहित में एक अनुकरणीय पहल होगी और क्षेत्रवासियों को पीने के पानी के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।
सौंपे गए मांग पत्र के दौरान ये रहे उपस्थित
इस जनहितकारी मांग को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष से मुलाकात करने वालों में मुख्य रूप से सतनामी समाज के जिलाध्यक्ष जीवन लाल बंजारा,अधिवक्ता महितोष बंजारा,जी.पी. जोशी,राकेश भार्गव,नरेश पाटले,दददू बंजारे,उमेश धृतलहरे,दिनेश घितलहरे,सुरेश भास्कर,अहसान अली,कलेश्वर गर्ग,फूल सिंह महिलांगे,रूप लाल कोसरे और तेजवंत बर्मन सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
उक्त मांग को त्वरित संज्ञान लेते हुए नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने समाज के प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहाकि:नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं,विशेषकर शुद्ध और शीतल पेयजल उपलब्ध कराना हमारी पहली प्राथमिकता है। दाऊपारा गुरु घासीदास बाबा चौक शहर का एक अत्यंत महत्वपूर्ण और व्यस्त स्थल है। सतनामी समाज द्वारा जनहित में लाई गई यह मांग बेहद जायज और सराहनीय है। मैंने इस पर सकारात्मक निर्णय ले लिया है और संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द यहाँ उत्तम गुणवत्ता का पेयजल फ्रीजर (प्याऊ) स्थापित करने के निर्देश दे दिए हैं ताकि राहगीरों और श्रद्धालुओं को गर्मी में राहत मिल सके।
अध्यक्ष के इस त्वरित और सकारात्मक आश्वासन के बाद उपस्थित समस्त क्षेत्रवासियों और सतनामी समाज के पदाधिकारियों ने नगर पालिका प्रशासन और अध्यक्ष रोहित शुक्ला के प्रति आभार व्यक्त किया है।



