मुंगेली/नगर के कोदवा रोड में स्थित सतनाम भवन में प्रदेश सरकार की सुशासन तिहार शिविर का आयोजन किया इस शिविर में आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से जिले के विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आवेदन प्राप्त किए गए। शिविर में पहुंचे नागरिकों की शिकायतों और मांगों को गंभीरता से सुनते हुए उनके शीघ्र निराकरण का आश्वासन अधिकारियों द्वारा दिया गया।
इस अवसर पर नगर विधायक पुन्नूलाल मोहले,कलेक्टर कुंदन कुमार,नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने शिविर में पहुंचकर आम नागरिकों से सीधे मुलाकात की,उनकी समस्याओं को सुना और प्राप्त आवेदनों को कलेक्टर कुंदन कुमार को सौंपते हुए त्वरित समाधान की अपील की।
शिविर को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने नगर विधायक पुन्नूलाल मोहले एवं कलेक्टर कुंदन कुमार से शासन की “झोपड़ी मुक्त शहर” की परिकल्पना को धरातल पर उतारने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र के ठक्करबापा वार्ड,परमहंस वार्ड,राजेंद्र वार्ड,विनोबा भावे वार्ड,हीरालाल वार्ड,तिलक वार्ड और कबीर वार्ड में आज भी अनेक पात्र परिवार झोपड़ियों में रहने को मजबूर हैं। ऐसे जरूरतमंद हितग्राहियों को प्राथमिकता के आधार पर पक्के मकान उपलब्ध कराए जाने चाहिए।
इसके साथ ही उन्होंने नगर के बस स्टैंड के पीछे स्थित अटल आवास में निवासरत परिवारों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा वर्षों पहले इन गरीब परिवारों को आवास आवंटित किए गए थे और वे लंबे समय से वहीं रह रहे हैं। ऐसे में उन्हें नोटिस देकर बेदखल करने के बजाय यथावत उन्हीं आवासों में रहने दिया जाना चाहिए।
रोहित शुक्ला ने यह भी कहा कि वर्तमान समय में अटल आवास की स्थिति काफी जर्जर हो चुकी है, जिससे वहां रहने वाले गरीब परिवारों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इन आवासों की शीघ्र मरम्मत कराकर वहां निवासरत लोगों को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराया जाए।
सुशासन तिहार शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं। प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करते हुए समस्याओं के शीघ्र निराकरण का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर एसडीएम अजय शतरंज,नगर पालिका सीएमओ होरी सिंह ठाकुर,तहसीलदार कुणाल पाण्डेय,नगर पालिका के इंजीनियर विद्यानंद मधुकर यादव सहित अधिकारी/कर्मचारी एवं भारी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे



