मुंगेली/नगर के लोरमी बाईपास स्थित मंगल भवन में नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला द्वारा अपनी पूज्य माता स्वर्गीय श्रीमती निर्मला शुक्ला की पुण्य स्मृति में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा एवं 11 जून से तीन दिवसीय महा दरबार श्रद्धा,भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच निरंतर संपन्न हो रहा है। 7 जून से प्रारंभ हुए इस धार्मिक आयोजन के चौथे दिन प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू एवं कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव विशेष रूप से शामिल हुए और व्यास पीठ पर विराजमान कथावाचक पंडित वीरेंद्र शास्त्री से आशीर्वाद प्राप्त कर कथा श्रवण किया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला,उनकी धर्मपत्नी निशा शुक्ला,पिता छोटेलाल शुक्ला एवं परिवार के अन्य सदस्यों ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। पूरे आयोजन स्थल पर भक्ति,श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला,जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए उपस्थित रहे।
पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहाकि “श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि समाज को सत्य,सेवा,संस्कार और मानवता का संदेश देने वाली दिव्य धारा है। स्वर्गीय माता निर्मला शुक्ला की पुण्य स्मृति में इस प्रकार का आयोजन निश्चित रूप से समाज में सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक चेतना का संचार करेगा। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहाकि “भारतीय संस्कृति में माता-पिता के सम्मान और उनकी स्मृति में लोककल्याणकारी एवं धार्मिक आयोजन करना सबसे बड़ा पुण्य माना गया है। श्रीमद्भागवत कथा व्यक्ति के जीवन को नई दिशा देती है और समाज में प्रेम,सद्भाव तथा नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करती है। इस आयोजन में शामिल होकर आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त हुई।
नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने भावुक शब्दों में कहाकि “मेरी माता स्वर्गीय श्रीमती निर्मला शुक्ला के आदर्श,संस्कार और आशीर्वाद सदैव हमारे परिवार की प्रेरणा रहे हैं। उनकी पुण्य स्मृति को चिरस्थायी बनाने और समाज में धर्म एवं संस्कारों का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से श्रीमद्भागवत कथा एवं महा दरबार का आयोजन किया गया है। मैं सभी श्रद्धालुओं,अतिथियों एवं नगरवासियों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं,जिन्होंने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से इस आयोजन को सफल बनाया।
कथावाचक पंडित वीरेंद्र शास्त्री ने कथा के माध्यम से श्रीकृष्ण भक्ति,धर्म,कर्म और मानव जीवन के आदर्श मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश प्रदान किया। कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए और पूरे परिसर में भजन-कीर्तन एवं धार्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर बेमेतरा कांग्रेस जिला अध्यक्ष आशीष छाबड़ा,मुंगेली कांग्रेस जिला अध्यक्ष घनश्याम वर्मा,आत्मासिंह क्षत्रिय,थानेश्वर साहू,संजीत बनर्जी,हेमेंद्र गोस्वामी,दीपक गुप्ता,सूरज यादव,अरविंद वैष्णव,जित्तू श्रीवास्तव,धीरज पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि,गणमान्य नागरिक,मातृशक्ति एवं श्रद्धालुगण उपस्थित रहे। आयोजन में लगातार बढ़ रही जनभागीदारी क्षेत्र में इसकी धार्मिक एवं सामाजिक महत्ता को दर्शा रही है।



