मुंगेली/नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने नगर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड में पहुंचकर विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आईडीबीआई बैंक क्षेत्र से लेकर महिमा हॉस्पिटल एवं आसपास के इलाकों का जायजा लिया। इस दौरान वार्डवासियों ने उन्हें क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया और विशेष रूप से नालियों की नियमित सफाई कराने की मांग की।
वार्डवासियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने मौके पर ही सफाई कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए,जिसके बाद तत्काल सफाई कार्य शुरू कराया गया। नालियों की सफाई होते देख स्थानीय लोगों ने राहत महसूस की और नपा अध्यक्ष के तत्परता की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान रोहित शुक्ला ने नागरिकों से भी स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहाकि नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने की जिम्मेदारी केवल नगर पालिका की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी है। उन्होंने वार्डवासियों को समझाइश देते हुए कहा कि लोग स्वयं अपने वार्ड को साफ-सुथरा रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा नालियों में कचरा न फेंके और न ही किसी अन्य को फेंकने दें। इससे नालियां जाम नहीं होंगी और जलभराव जैसी समस्याओं से भी बचाव होगा।
नगर पालिका अध्यक्ष ने कहाकि स्वच्छता को लेकर जनभागीदारी बेहद जरूरी है और नागरिकों के सहयोग से ही स्वच्छ एवं स्वस्थ नगर का निर्माण संभव है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर के सभी वार्डों में नियमित निरीक्षण एवं साफ-सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाएगी।
इस अवसर पर पार्षद प्रतिनिधि श्रवण सोनकर,शत्रुघ्न भाई,रोहित यादव सहित वार्डवासी एवं नगर पालिका की सफाई टीम मौजूद रही।



