मुंगेली/रायपुर/छत्तीसगढ़ की राजनीति में मुंगेली जिले का कद उस वक्त और बढ़ गया जब भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ एवं सक्रिय और निष्ठावान नेता प्रेम आर्य को भारतीय खाद्य निगम (FCI)की राज्य परामर्शदात्री समिति में सदस्य नियुक्त किया गया। सांसद बृजमोहन अग्रवाल की अनुशंसा पर हुई इस नियुक्ति को मुंगेली के लिए एक बड़ी प्रशासनिक और राजनीतिक उपलब्धि माना जा रहा है।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल का बड़ा फैसला
रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने प्रदेश में कृषि और खाद्यान्न भंडारण व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी व सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से अपनी टीम का विस्तार किया है। इस समिति में पूरे प्रदेश से मात्र 14 दिग्गजों को स्थान मिला है,जिसमें मुंगेली से प्रेम आर्य का नाम शामिल होना जिले के बढ़ते प्रभाव को दर्शाता है।
इन प्रमुख मुद्दों पर रहेगा विशेष फोकस
समिति के सदस्य के रूप में प्रेम आर्य अब केंद्र और राज्य सरकार के बीच एक मजबूत कड़ी का काम करेंगे। उनके एजेंडे में मुख्य रूप से निम्नलिखित बिंदु शामिल रहेंगे
धान खरीदी में तेजी:खरीदी केंद्रों से धान के उठाव की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करना।
भंडारण का विस्तार:जिले में साइलो और गोदामों की क्षमता बढ़ाना ताकि अनाज सुरक्षित रहे।
किसानों का हित:बोनस और भुगतान में होने वाली देरी को समाप्त कर समय पर राशि सुनिश्चित करना।
परिवहन तंत्र:खाद्यान्न परिवहन में होने वाली गड़बड़ियों को रोककर सुगम व्यवस्था बनाना।
“जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले प्रतिनिधियों के जुड़ने से किसानों की वास्तविक समस्याओं को केंद्र सरकार तक पहुँचाने और उनका त्वरित समाधान करने में मदद मिलेगी।”
बृजमोहन अग्रवाल,सांसद,रायपुर
जिले में हर्ष:कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने दी बधाई
प्रेम आर्य की नियुक्ति की खबर मुंगेली पहुँचते ही भाजपा कार्यकर्ताओं,समर्थकों और स्थानीय किसान संगठनों में उत्साह का माहौल है। जगह-जगह आतिशबाजी और मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की जा रही है।
अपनी नियुक्ति पर प्रेम आर्य ने कहाकि
“यह नियुक्ति केवल मेरा सम्मान नहीं,बल्कि मुंगेली के प्रत्येक किसान का सम्मान है। मेरा प्राथमिक लक्ष्य यह सुनिश्चित करना होगा कि छत्तीसगढ़ के किसानों को केंद्र सरकार की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ मिले। मैं सांसद बृजमोहन अग्रवाल जी के भरोसे पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूँगा।”
बहरहाल राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि प्रेम आर्य की इस नई भूमिका से आगामी समय में मुंगेली क्षेत्र में कृषि से जुड़ी समस्याओं का त्वरित निराकरण होगा। साथ ही,राज्य स्तर पर जिले की पकड़ और भी मजबूत होगी।



