मुंगेली/देश की राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाले कांग्रेस के विशाल आंदोलन में शामिल होने के लिए मुंगेली नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला अपने समर्थकों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बिलासपुर से ट्रेन के माध्यम से दिल्ली के लिए रवाना हुए। इस दौरान उनके साथ जिले के कई जनप्रतिनिधि,कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी दिल्ली कूच किए हैं। कांग्रेस और INDIA गठबंधन के दलों के द्वारा आयोजित इस आंदोलन को लेकर मुंगेली जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में ‘वोट बचाओ,देश बचाओ’ जन मार्च एवं विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है। इस आंदोलन में देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। छत्तीसगढ़ से भी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के मार्गदर्शन में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता दिल्ली पहुंच रहे हैं। वहीं मुंगेली जिले से भी बड़ी तादाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आंदोलन में शामिल होने के लिए दिल्ली का रुख किया है।
दिल्ली रवाना होने के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने कहाकि देश में भाजपा सरकार जिस तरह से चुनाव आयोग के साथ मिलकर लोकतंत्र को लगातार कमजोर करने का काम कर रही है,वह बेहद चिंताजनक है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष चुनाव और मतदाताओं के मताधिकार की सुरक्षा बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि इसी मुद्दे को लेकर राहुल गांधी एवं मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में देश की राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में बड़ा आंदोलन किया जा रहा है,जिसमें कांग्रेस के लाखों कार्यकर्ता अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना और प्रत्येक पात्र मतदाता के मताधिकार की रक्षा करना लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियादी जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से ‘वोट बचाओ,देश बचाओ’ का संदेश लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली पहुंच रहे हैं।
गौरतलब है कि कांग्रेस सहित विपक्षी दलों का यह प्रदर्शन चुनाव आयोग की विशेष गहन पुनरीक्षण SIR प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं,मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के आरोपों तथा कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर आयोजित किया जा रहा है। विपक्षी दलों का आरोप है कि मतदाता सूची में गड़बड़ियों के माध्यम से लोकतांत्रिक अधिकारों को प्रभावित किया जा रहा है। इसी मुद्दे पर विपक्षी दल मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठा रहे हैं।
इस आंदोलन के माध्यम से कांग्रेस और विपक्षी दल चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता,निष्पक्षता तथा मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा का मुद्दा राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की तैयारी में हैं। मुंगेली जिले से जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी को स्थानीय कांग्रेस संगठन की सक्रियता के रूप में देखा जा रहा है।
इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला के साथ जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मीकांत भास्कर,देवेंद्र वैष्णव,स्वतंत्र तिवारी,इमरान खोखर,पप्पू शर्मा,आरिफ खोखर,नीरज यादव,राजेश छेदइया,जलेश यादव,योगेश्वर मार्को,नागेश गुप्ता सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली रवाना हुए। वहीं बिलासपुर से अनिल शुक्ला,अशोक राजवाल एवं हनी जायसवाल भी इस यात्रा में शामिल हुए।



