मुंगेली/प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव द्वारा मुंगेली नगर पालिका क्षेत्र को करोड़ों रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी गई है। नगर में इन दिनों कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से शहर के नागरिकों को विभिन्न प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसी क्रम में नगर पालिका परिषद के उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा, नेता प्रतिपक्ष मोहन मल्लाह,एल्डरमैन संजय वर्मा एवं एल्डरमैन अमितेश विज्जु आर्य ने निर्माणाधीन विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों ने नगर पालिका कार्यालय भवन,स्विमिंग पूल,नालंदा परिसर,स्वागत द्वार सहित नगर में चल रहे अन्य विकास कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण स्थलों पर पहुंचकर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति,निर्माण की प्रगति और शेष कार्यों के संबंध में जानकारी ली।
इस दौरान नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा एवं एल्डरमैन अमितेश विज्जु आर्य ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराए जाएं। साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं शासन द्वारा निर्धारित तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्य केवल निर्माण पूरा करने तक सीमित नहीं होने चाहिए,बल्कि उनकी मजबूती,गुणवत्ता और उपयोगिता भी सुनिश्चित होनी चाहिए,ताकि नागरिकों को लंबे समय तक इनका लाभ मिल सके।
नगर के विकास को लेकर जनप्रतिनिधियों ने जताई प्रतिबद्धता
निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मुंगेली शहर में हो रहे विकास कार्य नगर के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ ही नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण हैं। नगर पालिका कार्यालय भवन से प्रशासनिक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी,वहीं स्विमिंग पूल और नालंदा परिसर जैसी सुविधाएं शहर के नागरिकों एवं युवाओं के लिए उपयोगी साबित होंगी। स्वागत द्वार से नगर की पहचान और सुंदरता को भी नया स्वरूप मिलेगा।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित समय में निर्माण पूर्ण कराया जाए, जिससे आम जनता को जल्द से जल्द इन सुविधाओं का लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका सीएमओ होरी सिंह ठाकुर,इंजीनियर विद्यानंद मधुकर यादव,इंजीनियर नेमीचंद वर्मा सहित नगर पालिका के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
जयप्रकाश मिश्रा,नगर पालिका उपाध्यक्ष ने कहाकि
नगर के विकास के लिए प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के माध्यम से विभिन्न महत्वपूर्ण कार्य स्वीकृत हुए हैं। हमारा प्रयास है कि इन सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराया जाए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और तय मानकों का विशेष ध्यान रखें। विकास कार्यों का लाभ सीधे नगर की जनता को मिलना चाहिए। इसके लिए हम लगातार निर्माण कार्यों की निगरानी और समीक्षा करते रहेंगे।
अमितेश विज्जु आर्य,एल्डरमैन ने कहाकि
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव जी के द्वारा विकासकार्यों के लिए करोड़ो रुपए स्वीकृत किए हैं वही मुंगेली शहर में हो रहे विकास कार्य भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर किए जा रहे हैं। नगर पालिका भवन,स्विमिंग पूल,नालंदा परिसर और स्वागत द्वार जैसे कार्य शहर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा गया है कि निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए और सभी कार्य तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं। हमारा उद्देश्य है कि विकास कार्यों का लाभ शहर के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे।



