मुंगेली/छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा प्रशासनिक व्यवस्था में फेरबदल करते हुए प्रदेश के नगरीय निकायों में अधिकारियों के तबादले का आदेश जारी किया गया है। 30 अक्टूबर 2026 को जारी इस आदेश के तहत मुंगेली नगर पालिका परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) होरी सिंह ठाकुर का तबादला जांजगीर-नैला नगर पालिका परिषद कर दिया गया है। वहीं,उनके स्थान पर आशीष तिवारी को मुंगेली नगर पालिका परिषद का नया सीएमओ नियुक्त किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार,आशीष तिवारी वर्तमान में नगर पंचायत बलौदाबाजार में पदस्थ थे। शासन ने उन्हें वहां से स्थानांतरित करते हुए नगर पालिका परिषद मुंगेली में नई जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं,मुंगेली में पदस्थ होरी सिंह ठाकुर को नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला में पदस्थ किया गया है।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर से जारी आदेश में संबंधित अधिकारियों को प्रशासनिक दृष्टिकोण से समान सामर्थ्य सेवा शर्तों एवं निबंधनों के अधीन अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक नवीन पदस्थापना पर तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि नगर पालिका परिषद मुंगेली में सीएमओ का पद शहर की प्रशासनिक व्यवस्था के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण है। नगर में सफाई व्यवस्था,पेयजल आपूर्ति,सड़क एवं नाली निर्माण,स्ट्रीट लाइट,स्वच्छता अभियान,राजस्व वसूली और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां नगर पालिका प्रशासन के अधीन आती हैं।
ऐसे में नए सीएमओ आशीष तिवारी के सामने नगर की मूलभूत समस्याओं के निराकरण, लंबित विकास कार्यों को गति देने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की चुनौती रहेगी। अब देखना होगा कि नए सीएमओ के नेतृत्व में मुंगेली नगर पालिका की प्रशासनिक व्यवस्था और विकास कार्यों को कितनी गति मिलती है।



