मुंगेली/गांधी वार्ड में आयोजित आंगनबाड़ी मिलन कार्यक्रम में बच्चों के उत्साहवर्धन एवं शिक्षा के प्रति उनकी रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से गांधी वार्ड पार्षद विनय चोपड़ा द्वारा बच्चों को पेन एवं कॉपी का वितरण किया गया। वहीं वार्ड अध्यक्ष महेंद्र पारख की ओर से बच्चों को कंपास प्रदान किए गए। बच्चों को शैक्षणिक सामग्री मिलने से उनके चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा बच्चों के पोषण,स्वास्थ्य,प्रारंभिक शिक्षा एवं बाल विकास से संबंधित गतिविधियों के माध्यम से उन्हें सीखने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर पार्षद विनय चोपड़ा ने कहाकि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव प्रारंभिक शिक्षा और अच्छे संस्कारों से मजबूत होती है। बच्चों को पढ़ाई के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने से उनमें शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ती है और उनका आत्मविश्वास भी मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर सकारात्मक प्रयास करने चाहिए।
वहीं वार्ड अध्यक्ष महेंद्र पारख की ओर से बच्चों को कंपास वितरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम में उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भी बच्चों के प्रति जनप्रतिनिधियों द्वारा किए गए इस सहयोग की सराहना की।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता,बच्चे एवं बड़ी संख्या में स्थानीयजन उपस्थित रहे। बच्चों को पेन,कॉपी एवं कंपास मिलने से कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण रहा और सभी ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



