मुंगेली/प्रदेशभर में माताओं की आस्था और संतान की दीर्घायु की कामना से जुड़ा पावन पर्व हलषष्ठी (खमरछठ) आज हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर माताएं अपने पुत्र-पुत्रियों की लंबी आयु,सुख-समृद्धि और स्वस्थ जीवन की कामना को लेकर व्रत रखती हैं। पर्व पर भगवान हलधर (बलराम) की विशेष पूजा-अर्चना कर परिवार की खुशहाली की प्रार्थना की जाती है।
छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति में खमरछठ का विशेष महत्व है। इस दिन व्रत रखने वाली महिलाएं विशेष रूप से ऐसे खाद्य पदार्थों का सेवन करती हैं, जिनमें हल का प्रयोग नहीं किया गया हो। पर्व में सात प्रकार की भाजी का विशेष महत्व माना जाता है। वहीं पूजा एवं व्रत में भैंस के दूध,दही और घी का भी विशेष महत्व रहता है।
इसी धार्मिक एवं सामाजिक भावना को ध्यान में रखते हुए मुंगेली के सोनार पारा स्थित वीणा ज्वेलर्स के संचालक आनंद सोनी द्वारा खमरछठ पर्व के अवसर पर श्रद्धापूर्वक सेवा कार्य किया गया। उनके द्वारा व्रत रखने वाली माताओं एवं श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क भैंस का दूध,दही और घी वितरित किया गया। उनके द्वारा सोनार पारा स्थित अपने प्रतिष्ठान और गोल बाजार चौक में दूध,दही एवं घी का वितरण किया गया।
पर्व के अवसर पर निःशुल्क सामग्री प्राप्त करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। आनंद सोनी की इस पहल को लोगों ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक सेवा की मिसाल बताते हुए सराहा। लोगों का कहना रहा कि पर्व-त्योहार केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं हैं,बल्कि ऐसे अवसर समाज में सेवा,सहयोग और आपसी सद्भाव की भावना को भी मजबूत करते हैं।
आनंद सोनी द्वारा खमरछठ के पावन अवसर पर की गई इस सेवा से व्रतधारी माताओं में भी प्रसन्नता देखने को मिली। नगरवासियों ने उनकी श्रद्धा और सेवा भावना की प्रशंसा करते हुए कहा कि धार्मिक पर्व पर जरूरतमंदों एवं श्रद्धालुओं की सहायता करना हमारी छत्तीसगढ़ी संस्कृति और परंपरा की खूबसूरती है।
मुंगेली में खमरछठ पर्व को लेकर सुबह से ही धार्मिक उत्साह का माहौल बना हुआ है। विभिन्न स्थानों पर माताएं विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य एवं दीर्घायु की कामना कर रही हैं। वहीं आनंद सोनी द्वारा किए गए इस निःशुल्क वितरण ने पर्व की सेवा भावना को और भी विशेष बना दिया।



