मुंगेली/अखंड ब्राह्मण समाज सेवा समिति मुंगेली के तत्वावधान में होटल कस्तुरी में सावन उत्सव का भव्य एवं रंगारंग आयोजन हर्षोल्लास,उमंग और उत्साह के साथ किया गया। सावन की हरियाली, पारंपरिक श्रृंगार और सांस्कृतिक रंगों से सजे इस आयोजन में समाज की बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के दौरान गीत-संगीत,नृत्य,कैटवॉक,भाषण एवं विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं ने उपस्थितजनों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती सुषमा श्रीकांत पाण्डेय ने की। मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती नेहा आशीष तिवारी उपस्थित रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथि श्रीमती स्नेहिल पाण्डेय,श्रीमती विजयलक्ष्मी अवधेश शुक्ला,श्रीमती चंद्रकांता प्रभात तिवारी,श्रीमती सुधा रानी शर्मा एवं श्रीमती गिरिजा छत्रपाल उपाध्याय ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से आयोजन की शोभा बढ़ाई।
महिलाओं ने प्रस्तुत की प्रतिभा और रचनात्मकता
सावन उत्सव के दौरान महिलाओं के लिए विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागी बहनों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते हुए अपनी प्रतिभा,कला एवं रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। सावन के पारंपरिक रंग को जीवंत करते हुए महिलाओं ने मनमोहक गीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती प्रीति शर्मा एवं श्रीमती कल्पना मिश्रा ने किया। दोनों ने अपनी प्रभावी एवं आकर्षक संचालन शैली से पूरे कार्यक्रम को रोचक बनाए रखा।
प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए श्रीमती रितु पाण्डेय,श्रीमती शोभा किरण शुक्ला एवं श्रीमती रूपरेखा शर्मा को निर्णायक मंडल में शामिल किया गया। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों की प्रस्तुति,प्रतिभा,आत्मविश्वास और प्रदर्शन के आधार पर विजेताओं का चयन किया।
प्रतियोगिताओं में इन प्रतिभागियों ने हासिल किए स्थान
गीत प्रतियोगिता में
प्रथम — मीनाक्षी उपाध्याय
द्वितीय — यामिनी मिश्रा
तृतीय — दुर्गा शर्मा
सावन सुंदरी प्रतियोगिता में
प्रथम — सोमी पाण्डेय
द्वितीय — प्रियंका पाण्डेय
तृतीय — आँचल पाण्डेय
कैटवॉक प्रतियोगिता में
प्रथम — प्रीति शर्मा
द्वितीय — शैल दीवान एवं रितु अवनीश तिवारी
तृतीय — शैल शर्मा एवं रंजिता उपाध्याय
एकल नृत्य प्रतियोगिता में
प्रथम — अमिता मिश्रा
द्वितीय — अनीता तिवारी एवं यामिनी मिश्रा
तृतीय — संगीता पांडेय
सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता में
प्रथम — स्वाति पाण्डेय एवं मीनाक्षी पाण्डेय
द्वितीय — अनीता तिवारी एवं अनीता शुक्ला
भाषण प्रतियोगिता में
प्रथम — श्रीमती रानी मिश्रा
प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने सावन के पारंपरिक उत्सव की खूबसूरती को गीत,नृत्य,श्रृंगार,फैशन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत कर दिया। पूरे आयोजन स्थल पर उत्साह,उमंग और आपसी सौहार्द का माहौल बना रहा।
आयोजन को सफल बनाने में पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका
सावन उत्सव को सफल एवं व्यवस्थित बनाने में अखंड ब्राह्मण समाज सेवा समिति की प्रदेश महासचिव एवं सर्व ब्राह्मण समाज की जिला अध्यक्ष श्रीमती मंजुला शर्मा,समिति की जिला अध्यक्ष श्रीमती उर्वशी पाठक,सचिव श्रीमती कल्पना मिश्रा एवं श्रीमती रश्मि तिवारी की सक्रिय भूमिका रही। उन्होंने आयोजन की तैयारियों से लेकर कार्यक्रम के सफल संचालन तक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। उनके समर्पित प्रयासों एवं सहयोग से सावन उत्सव को भव्य और यादगार स्वरूप मिला।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं होते,बल्कि समाज की महिलाओं को अपनी प्रतिभा,कला एवं रचनात्मकता प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजन महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने,संवाद बढ़ाने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का अवसर भी देते हैं।
उन्होंने कहा कि सावन उत्सव में परंपरा,संस्कृति,मनोरंजन और सामाजिक सहभागिता का सुंदर संगम देखने को मिला। इस तरह के आयोजन समाज में आपसी प्रेम,भाईचारे और सौहार्द की भावना को और मजबूत करते हैं।
उर्वशी पाठक ने जताया आभार
कार्यक्रम के अंत में समिति की जिला अध्यक्ष श्रीमती उर्वशी पाठक ने आयोजन में उपस्थित सभी अतिथियों,निर्णायक मंडल,प्रतिभागी बहनों एवं कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग प्रदान करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए सभी सहयोगियों का धन्यवाद करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को निरंतर आयोजित करने की बात कही।
सावन उत्सव के सफल आयोजन ने जहां महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया,वहीं पूरे समाज को एक साथ जोड़ते हुए संस्कृति,परंपरा और सामाजिक एकजुटता का संदेश भी दिया। उत्साह और उमंग से भरा यह आयोजन उपस्थित महिलाओं के लिए लंबे समय तक यादगार बना रहेगा



