मुंगेली/मुंगेली-कवर्धा मुख्य मार्ग इन दिनों बेहद जर्जर स्थिति से गुजर रहा है। सड़क निर्माण कार्य के चलते मार्ग के वन-वे होने से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। एक ओर सड़क निर्माण कार्य चल रहा है,वहीं दूसरी ओर उपयोग में आ रही सड़क पर बारिश के मौसम में जल भराव होने के चलते जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इसके कारण वाहन चालकों,राहगीरों और आम नागरिकों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मार्ग पर लगातार बढ़ते यातायात दबाव के चलते आए दिन जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। खासकर भारी वाहनों और बसों के आवागमन के कारण यातायात व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। जर्जर सड़क और गड्ढों के कारण वाहन चालकों को काफी सावधानी से आवागमन करना पड़ रहा है। वहीं जाम के कारण लोगों का समय भी बर्बाद हो रहा है।
आम जनता की परेशानी को लेकर अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने उठाया मुद्दा
आम नागरिकों को हो रही इस गंभीर परेशानी को देखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने जिले के एसएसपी भोजराम पटेल से टेलीफोनिक चर्चा कर मुंगेली-कवर्धा मुख्य मार्ग में उत्पन्न हो रही यातायात संबंधी समस्याओं से अवगत कराया।
चर्चा के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने कहा कि सड़क निर्माण के चलते मार्ग के वन-वे होने तथा सड़क के एक हिस्से के अत्यधिक जर्जर होने से लगातार जाम की स्थिति बन रही है। इससे आम नागरिकों,दोपहिया वाहन चालकों,बस यात्रियों और अन्य राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
भारी वाहनों और बसों के मार्ग परिवर्तन की मांग
नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने एसएसपी भोजराम पटेल से मांग की कि यातायात का दबाव कम करने के लिए इस मार्ग से गुजरने वाले भारी वाहनों तथा बसों का अस्थायी रूप से मार्ग परिवर्तन किया जाए।
उन्होंने सुझाव दिया कि भारी वाहनों एवं बसों को चातरखार बाईपास से नवागढ़ रोड के पास स्थित चौक होते हुए मुंगेली के रावणभाठा मार्ग से बस स्टैंड की ओर भेजने की व्यवस्था की जाए। इससे मुंगेली-कवर्धा मुख्य मार्ग पर वाहनों का दबाव कम होगा और जाम की समस्या से आम जनता को राहत मिल सकती है।
एसएसपी भोजराम पटेल ने दिया त्वरित कार्रवाई का भरोसा
नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला द्वारा आम जनता की समस्या को लेकर की गई चर्चा पर एसएसपी भोजराम पटेल ने त्वरित संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई किए जाने का भरोसा दिलाया। माना जा रहा है कि भारी वाहनों और बसों के मार्ग परिवर्तन से मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव कम होगा तथा जाम की समस्या में काफी हद तक राहत मिल सकती है।
नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा आम जनता की रोजमर्रा की समस्या को लेकर प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा किए जाने से नागरिकों को भी राहत की उम्मीद जगी है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि यातायात पुलिस द्वारा मार्ग परिवर्तन को लेकर कितनी जल्दी व्यवस्था लागू की जाती है।
फिलहाल सड़क निर्माण कार्य के बीच जर्जर सड़क और लगातार लग रहे जाम ने आम नागरिकों की परेशानी बढ़ा दी है। ऐसे में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन की त्वरित कार्रवाई बेहद जरूरी मानी जा रही है।



