मुंगेली/स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर पूरे जिले में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। इसी कड़ी में नगर के हृदय स्थल महाराणा प्रताप चौक (पड़ाव चौक) स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा परिसर में ठाकुर समाज द्वारा गरिमामय ढंग से स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। यहां नगर पालिका परिषद के पार्षद छोटी सत्तू सिंह,ठाकुर समाज के वरिष्ठ नागरिक एवं नगर पालिका परिषद के सीएमओ होरी सिंह ठाकुर ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। तिरंगा लहराते ही उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान के साथ देश की आजादी और वीर शहीदों को नमन किया।वही इस पावन अवसर पर गोकुलेश सिंह एवं उमाकांत सिंह के द्वारा महाराणा प्रताप के प्रतिमा परिसर का आकर्षक एवं मनमोहक सजावट किया गया था जिसे देख लोग खूब प्रशंसा किए तथा अतिथियों ने भी उन्हें इस कार्य के लिए बधाई दी
ध्वजारोहण के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से ओत-प्रोत नजर आया। उपस्थित नागरिकों ने भारत माता के जयकारे लगाए और स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों एवं देश के वीर सपूतों के बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। महाराणा प्रताप की प्रतिमा परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम ने वीरता,स्वाभिमान और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
इस अवसर पर पार्षद अर्चना देवांगन,उमाकान्त सिंह,गोकुलेश सिंह,गेंद सिंह राजपूत,धनराज सिंह,चित्रकान्त सिंह,भूपेंद्र सिंह,सत्तू सिंह,नितेश सिंह,अन्नू सिंह,दिनेश परिहार,सत्तू देवांगन सहित बड़ी संख्या में नागरिक एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
सीएमओ होरी सिंह ठाकुर ने कहा:स्वतंत्रता की रक्षा करना हम सभी का दायित्व
नगर पालिका परिषद के सीएमओ होरी सिंह ठाकुर ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहाकि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं,बल्कि उन वीर शहीदों के बलिदान को याद करने का दिन है जिनके त्याग और संघर्ष के कारण आज हम स्वतंत्र वातावरण में जीवन जी रहे हैं।
उन्होंने कहाकि देश की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। हमें अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देना चाहिए। उन्होंने नगरवासियों से आपसी भाईचारा,सद्भाव और एकता बनाए रखने तथा स्वच्छ,सुंदर और विकसित मुंगेली के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
होरी सिंह ठाकुर ने कहाकि नई पीढ़ी को देश के स्वतंत्रता संग्राम और महान स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने सभी नगरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
महाराणा प्रताप चौक में आयोजित यह समारोह राष्ट्रप्रेम,एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश देते हुए गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।



