मुंगेली/नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर मुंगेली नगर सहित समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों,महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें राष्ट्र की एकता,अखंडता,लोकतंत्र और देश के प्रति अपने कर्तव्यों का संकल्प लेने की प्रेरणा देता है।
नपा अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने कहाकि आजादी हमें लंबे संघर्ष,त्याग और बलिदान के बाद प्राप्त हुई है। हमारे वीर स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को गुलामी की बेड़ियों से मुक्त कराया। उनके त्याग और संघर्ष के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में सम्मान और स्वाभिमान के साथ जीवन जी रहे हैं। ऐसे महान सपूतों का योगदान सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक होगा,जब हम अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी पूरी ईमानदारी से निर्वहन करें। समाज में आपसी भाईचारा,प्रेम,सद्भाव और एकता को मजबूत करना तथा देश की प्रगति में अपना योगदान देना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
रोहित शुक्ला ने आगे कहाकि मुंगेली नगर के विकास को नई गति देने के साथ स्वच्छ,सुंदर और सुविधायुक्त शहर बनाना नगर पालिका की प्राथमिकता है। नगर के विकास कार्यों में सभी नागरिकों की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने नगरवासियों से स्वच्छता बनाए रखने,पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने तथा शहर के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
उन्होंने विशेष रूप से युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। शिक्षा,रोजगार,नवाचार,खेल और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में आगे बढ़कर युवा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहाकि आजादी की भावना को केवल एक दिन तक सीमित न रखते हुए इसे अपने जीवन और कार्यों में अपनाना चाहिए।
नपा अध्यक्ष ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी नगरवासियों से देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने,संविधान के मूल्यों का सम्मान करने तथा विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लेने की अपील की।
अंत में उन्होंने कहा कि “स्वतंत्रता की ये ज्योति सदा जलती रहे,देश आगे बढ़ता रहे और भारत का तिरंगा सदैव विश्व पटल पर शान से लहराता रहे।” उन्होंने एक बार फिर मुंगेली नगर सहित प्रदेश के सभी नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।



