मुंगेली/स्वतंत्रता दिवस के पावन एवं गौरवशाली अवसर पर नगर पालिका परिषद, मुंगेली द्वारा नवागढ़ रोड स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम परिसर में एक भव्य एवं विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। देशभक्ति के उत्साह के बीच आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नगर को हरा-भरा बनाना और आम जनता को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुंगेली के नगर विधायक पुन्नूलाल मोहले उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में जिले के कलेक्टर कुंदन कुमार,एसएसपी भोजराम पटेल,जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय,मुंगेली जनपद अध्यक्ष रामकमल सिंह ठाकुर,नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा,भाजपा जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी,पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष शैलेष पाठक,एल्डरमैन डॉ. संजय वर्मा,अमितेश विज्जु आर्य एवं पार्षदगण शामिल हुए।
इसके साथ ही नगर पालिका के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीएमओ) होरी सिंह ठाकुर सहित जिले के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और नगर के अनेक गणमान्य नागरिक भी इस हरित अभियान का हिस्सा बने। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों एवं नागरिकों ने स्टेडियम परिसर में फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
अतिथियों ने दिया स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश
नगर विधायक पुन्नूलाल मोहले
“स्वतंत्रता दिवस केवल आजादी का पर्व मनाने का दिन नहीं है, बल्कि यह देश और अपनी आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारियों को याद करने का भी दिन है। पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। आज रोपे गए ये पौधे आने वाले समय में हमारे नगर को शुद्ध वायु और हरियाली देंगे।”
कलेक्टर कुंदन कुमार
“पौधरोपण प्रकृति के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। नगर पालिका परिषद द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर की गई यह पहल अत्यंत सराहनीय है। केवल पौधा लगाना ही काफी नहीं है,बल्कि उसकी देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है। प्रशासन की ओर से जिलेभर में हरित क्षेत्रों के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।”
एसएसपी भोजराम पटेल
“हरियाली और स्वच्छ वातावरण का सीधा संबंध हमारे स्वास्थ्य और समाज की खुशहाली से है। देश की आजादी के इस महान पर्व पर वृक्षारोपण का यह आयोजन हम सभी को पर्यावरण के प्रति सजग रहने का संदेश देता है। प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी सुरक्षा का दायित्व उठाना चाहिए।”
नगर पालिका सीएमओ ने जताया आभार
कार्यक्रम के समापन अवसर पर नगर पालिका परिषद के सीएमओ होरी सिंह ठाकुर ने उपस्थित मुख्य अतिथि सहित सभी विशिष्ट अतिथियों,प्रशासनिक अधिकारियों,जनप्रतिनिधियों और नगर के गणमान्य नागरिकों का इस आयोजन को सफल बनाने के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।



