मुंगेली/छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के रविवार को मुंगेली आगमन पर स्थानीय पत्रकारों ने उनसे मुलाकात कर अपनी लंबित मांगों और समस्याओं को लेकर एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा। मुंगेली प्रेस क्लब के नेतृत्व में पत्रकारों ने मुख्यमंत्री को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों और सीमित संसाधनों में कार्य करने की चुनौतियों से अवगत कराया।
प्रेस क्लब ने रखीं प्रमुख मांगें
मुंगेली प्रेस क्लब के अध्यक्ष अनिल सोनी और सचिव योगेश शर्मा के नेतृत्व में पत्रकारों ने मुख्यमंत्री श्री साय से मुलाकात कर बताया कि पत्रकार देश और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करते हैं,लेकिन उन्हें अपने परिवार और स्वयं के भविष्य को लेकर कई बुनियादी सुविधाओं की दरकार है। पत्रकारों ने प्रमुख रूप से निम्नलिखित मांगें रखीं
पत्रकार कॉलोनी का निर्माण:पत्रकारों के आवास की समस्या को देखते हुए उचित भूमि आबंटित कर पत्रकार कॉलोनी विकसित करने की मांग की गई।
प्रेस कॉम्प्लेक्स:पत्रकारिता कार्यों को सुचारू रूप से संपादित करने के लिए एक आधुनिक प्रेस कॉम्प्लेक्स के निर्माण का आग्रह किया गया।
रेलवे रियायत की बहाली:अधिमान्य पत्रकारों को पूर्व में मिलने वाली रेलवे किराया छूट की सुविधा को पुनः बहाल करने के लिए केंद्र सरकार तक पहल करने की मांग की गई।
स्वास्थ्य सुविधाएं:पत्रकारों और उनके परिजनों के लिए स्वास्थ्य बीमा और अन्य चिकित्सीय सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता जताई गई।
सीमित संसाधनों में सेवा का उल्लेख
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि पत्रकार अक्सर कठिन परिस्थितियों और सीमित निजी संसाधनों के बावजूद लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की गरिमा बनाए रखते हैं। ऐसे में सरकार का सहयोग उनके मनोबल को बढ़ाने के लिए अत्यंत आवश्यक है।
मुलाकात के दौरान ये रहे उपस्थित
मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने के दौरान मुंगेली प्रेस क्लब के अध्यक्ष अनिल सोनी,सचिव योगेश शर्मा के साथ ही सुनील पाठक,भूपेंद्र सिंह,मनीष शर्मा,जय ताम्रकार,प्रमोद पाठक,प्रशांत शर्मा,रोहित कश्यप,अनिल पात्रे,निखिलेश लाल,आनंद गुप्ता,रवि शुक्ला,परमेश्वर कुर्रे,अतुल श्रीवास्तव,विनोद रायसागर,राजेश खन्ना,रजनीश सिंह,नीलकमल सिंह,शुभांशु शुक्ला,सुरेश पाटले,अरविन्द बंजारा,दुर्गा तिवारी,सदाराम कश्यप सहित बड़ी संख्या में पत्रकार साथी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पत्रकारों की मांगों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया।इस दौरान प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव,जिले के प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन,नगर विधायक पुन्नूलाल मोहले उपस्थित रहे



