मुंगेली/नगर पालिका क्षेत्र के रामगोपाल तिवारी वार्ड में जर्जर हो चुके बिजली के खंभों को लेकर लंबे समय से बनी समस्या का आखिरकार निराकरण हो गया। तनुश्री प्रिंटर्स के पास तथा आगे गली में स्थित बिजली के खंभे बेहद जर्जर हालत में पहुंच चुके थे। इनमें से एक खंभे को वार्डवासियों ने किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए अस्थायी तौर पर रस्सी से बांध रखा था,जबकि दूसरा खंभा पूरी तरह जर्जर होकर मकान की दीवार से सट गया था। ऐसे में इन खंभों के कभी भी गिरने से बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई थी।
बताया गया कि मंगलवार को वार्डवासियों ने जर्जर बिजली खंभों की स्थिति से बिजली विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया और तत्काल खंभों को बदलने की मांग की। इसके बावजूद जब विभागीय स्तर पर समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई नहीं की गई तो वार्डवासियों ने नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला को इसकी जानकारी दी।
वार्डवासियों की सूचना मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला स्वयं मौके पर पहुंचे और दोनों जर्जर बिजली खंभों का निरीक्षण किया। मौके की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने दूरभाष के माध्यम से बिजली विभाग के अधिकारियों को भी मामले की जानकारी दी तथा जल्द से जल्द जर्जर खंभों को हटाकर नए खंभे लगाने की बात कही। हालांकि घंटों बीत जाने के बाद भी जब मौके पर विभागीय कार्रवाई शुरू नहीं हुई तो नपा अध्यक्ष ने नाराजगी जताते हुए मामले को जिला प्रशासन के संज्ञान में लाने का निर्णय लिया।
इसके बाद नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचे और जिले के कलेक्टर अमृत विकास टोपनो को रामगोपाल तिवारी वार्ड की स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि जर्जर बिजली खंभों के कारण वार्डवासियों के बीच लगातार दुर्घटना की आशंका बनी हुई है और किसी बड़ी अनहोनी से पहले इसका निराकरण आवश्यक है। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर के निर्देश और नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला की पहल के बाद बिजली विभाग के अधिकारियों ने मामले को संज्ञान में लिया। इसके पश्चात तनुश्री प्रिंटर्स के पास तथा आगे गली में स्थित दोनों जर्जर बिजली खंभों को हटाकर उनके स्थान पर नए खंभे लगाए गए। इससे वार्डवासियों ने राहत की सांस ली।
समस्या के तत्काल निराकरण से वार्डवासियों में राहत
जर्जर बिजली खंभों को बदलने की कार्रवाई होने के बाद वार्डवासियों ने नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला का आभार व्यक्त किया। वार्डवासियों का कहना है कि यदि समय रहते जर्जर खंभों को नहीं हटाया जाता तो किसी भी समय दुर्घटना हो सकती थी। नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेना,बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क करना और इसके बाद कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचकर मामले को जिला प्रशासन के समक्ष रखना समस्या के त्वरित निराकरण में महत्वपूर्ण साबित हुआ।



