मुंगेली/राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी मुंगेली के तत्वावधान में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष घनश्याम वर्मा के नेतृत्व में पड़ाव चौक स्थित कांग्रेस भवन में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। गांधी-शास्त्री जयंती को सेवा,समर्पण और मानवता के प्रति जिम्मेदारी के रूप में मनाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने शिविर में उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री के छायाचित्र पर कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं द्वारा पुष्प अर्पित कर किया गया। इस दौरान उपस्थित कांग्रेसजनों ने दोनों महान विभूतियों के जीवन,संघर्ष,विचारों और देश के प्रति उनके योगदान को स्मरण किया। इसके पश्चात स्वैच्छिक रक्तदान शिविर प्रारंभ हुआ,जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए रक्तदान किया।
शिविर में साईं ब्लड एंड कम्पोनेंट सेंटर,बिलासपुर की टीम का विशेष सहयोग रहा। टीम द्वारा रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच एवं रक्त संग्रह की व्यवस्था की गई। रक्तदान करने वाले कार्यकर्ताओं को कांग्रेस परिवार की ओर से प्रोत्साहन स्वरूप हेलमेट,नेट बैंड एवं पानी की बोतल उपहार के रूप में प्रदान की गई।
गांधी के सत्य-अहिंसा और शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन से प्रेरणा लेने की जरूरत:घनश्याम वर्मा
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने कहाकि महात्मा गांधी और लालबहादुर शास्त्री का जीवन देशवासियों के लिए सेवा,त्याग और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा है। गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए देश को स्वतंत्रता आंदोलन में नई दिशा दी,वहीं लालबहादुर शास्त्री ने सादगी,ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के माध्यम से देशसेवा की मिसाल कायम की।
उन्होंने कहाकि गांधी और शास्त्री जयंती मनाने का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा,जब हम उनके विचारों को अपने व्यवहार और सामाजिक जीवन में उतारें। रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है,क्योंकि हमारे द्वारा दिया गया रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचा सकता है। कांग्रेस का यह आयोजन इसी सेवा भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास है। उन्होंने सभी रक्तदाताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहाकि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को निरंतर मजबूत करने की आवश्यकता है।
रक्तदान मानवता की सेवा,गांधी के विचारों को आत्मसात करना ही सच्ची श्रद्धांजलि:दिलीप बंजारा
कांग्रेस सेवादल के जिला अध्यक्ष दिलीप बंजारा ने कहाकि महात्मा गांधी ने समाज को सत्य,अहिंसा, भाईचारे और मानव सेवा का संदेश दिया। उनके लिए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और न्याय पहुंचाना महत्वपूर्ण था। वहीं लालबहादुर शास्त्री ने अपने सरल जीवन और मजबूत राष्ट्रभावना से देशवासियों को कर्तव्य एवं अनुशासन का संदेश दिया।
उन्होंने कहाकि रक्तदान किसी जाति,धर्म या वर्ग की सीमा में बंधा हुआ कार्य नहीं है। जरूरत पड़ने पर यही रक्त किसी भी इंसान की जान बचा सकता है। इसलिए रक्तदान गांधी जी के मानवतावादी विचारों और शास्त्री जी की राष्ट्रसेवा की भावना को आगे बढ़ाने का एक माध्यम है। उन्होंने कहाकि कांग्रेस सेवादल हमेशा सामाजिक एवं जनसेवा के कार्यों में आगे रहकर अपनी जिम्मेदारी निभाता रहेगा।
गांधी जी ने सेवा और शास्त्री जी ने कर्तव्यनिष्ठा का रास्ता दिखाया:संजय यादव
जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष संजय यादव ने कहाकि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का पूरा जीवन सत्य, अहिंसा और जनसेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहाकि गांधी जी ने यह सिखाया कि समाज में सकारात्मक बदलाव केवल बड़े आंदोलनों से नहीं,बल्कि प्रत्येक व्यक्ति के छोटे-छोटे सेवा कार्यों से भी संभव है। इसी प्रकार लालबहादुर शास्त्री ने सादगी और ईमानदारी के साथ देश के प्रति अपने कर्तव्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।
उन्होंने कहाकि रक्तदान शिविर का आयोजन दोनों महान नेताओं के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है,क्योंकि रक्तदान सीधे तौर पर मानव जीवन से जुड़ा हुआ सेवा कार्य है। उन्होंने युवाओं और आम नागरिकों से भी समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान करने तथा जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की।
गांधी-शास्त्री के आदर्शों को जीवन में उतारना ही जयंती की सार्थकता:दीपक गुप्ता
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक गुप्ता ने कहाकि महात्मा गांधी ने पूरी दुनिया को सत्य और अहिंसा की ताकत का संदेश दिया, जबकि लालबहादुर शास्त्री ने अपने सरल और सादगीपूर्ण जीवन से यह साबित किया कि देशसेवा के लिए पद नहीं,बल्कि मजबूत इच्छाशक्ति और ईमानदार सोच जरूरी होती है।
उन्होंने कहा कि गांधी और शास्त्री जयंती केवल माल्यार्पण और श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उनके विचारों को सामाजिक जीवन में अपनाना और जरूरतमंदों की सहायता करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहाकि रक्तदान से बड़ा कोई प्रत्यक्ष जीवनदान नहीं हो सकता। इस तरह के सेवा कार्यों को आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा।
कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने लिया सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प
रक्तदान शिविर के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। रक्तदान करने वाले कार्यकर्ताओं को कांग्रेस परिवार की ओर से उपहार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। आयोजन के माध्यम से कांग्रेसजनों ने गांधी जी के सत्य,अहिंसा और मानव सेवा तथा शास्त्री जी के सादगी,अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष घनश्याम वर्मा,पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व अध्यक्ष थानेश्वर साहू,पूर्व मंडी अध्यक्ष आत्मा सिंह क्षत्रिय,पूर्व जिला अध्यक्ष श्याम जायसवाल,नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला,कांग्रेस सेवादल जिला अध्यक्ष दिलीप बंजारा,जिला उपाध्यक्ष संजय यादव,शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक गुप्ता,ब्लॉक अध्यक्ष रघुराज सिंह ठाकुर,वरिष्ठ पार्षद अरविन्द वैष्णव,जिला महामंत्री लोकराम साहू,जिला उपाध्यक्ष अभिलाष सिंह,पार्षद विनय चोपडा,जिला महामंत्री श्री ठाकुर,संजय जायसवाल,एजाज खोखर,मकबूल खान,पार्षद सुरज यादव,पार्षद संजय चंदेल,मंडल अध्यक्ष जय सोनी,मंडल अध्यक्ष जित्तू श्रीवास्तव,जिला मीडिया प्रभारी नवनीत शुक्ला,सूर्यपाल लक्की गर्ग,अनिल प्रबल,अरूण कुलमित्र,तारणी विश्वकर्मा,कृष्णा सोनी,हेमिन मंगेश्कर,बिन्दु यादव,शिव कुमार साहू,विनय यादव,टेकराम सोनवानी,संजय ठाकुर,नीरज यादव,अनिता विश्वकर्मा,नाम देव बंजारे,रामकिनकर सिंह,अमन सिंह,अमितेश सिंह,प्रेमप्रकाश राजपूत,ओंकार,मानस लोधी,रंजीत राजपूत जितेन्द्र राजपूत,सतीश तंबोली,रजनीश यादव,काकू पठान,जय किशन महिलांग,सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी,कार्यकर्ता और आम नागरिक उपस्थित रहे।



