मुंगेली/जिला कलेक्टर कुंदन कुमार के कुशल मार्गदर्शन और दिशा-निर्देशों के तहत नगर पालिका परिषद मुंगेली क्षेत्र को मवेशियों की समस्या से मुक्त कराने के लिए एक वृहद अभियान की शुरुआत की गई है। कलेक्टर की जनहितैषी सोच और स्पष्ट प्राथमिकताओं का पालन करते हुए CMO होरी सिंह ठाकुर के नेतृत्व में नगर पालिका प्रशासन ने कमर कस ली है। इस संबंध में एक कड़ा आधिकारिक आदेश जारी कर शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों पर मुस्तैदी से कार्रवाई करने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीमें तैनात कर दी गई हैं।जिनके द्वारा नगर पालिका सीमा क्षेत्र के अंतर्गत मुख्यमार्गों से पशुओं को हटाने कार्रवाई किया जाएगा
इस बड़ी कार्रवाई के तहत शहर के अलग-अलग व्यस्त मार्गों पर अपने पालतू पशुओं को लावारिस छोड़ने वाले मालिकों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत प्रतिबंध लागू
अजय शतरंज एसडीएम मुंगेली के पत्र अनुसार सड़कों पर मवेशियों के जमावड़े के कारण आए दिन मार्ग अवरुद्ध हो रहे हैं,जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। आम नागरिकों और स्वयं पशुओं की सुरक्षा,सुविधा तथा आपातकालीन व आवश्यक सेवाओं के निर्बाध व शांतिपूर्ण संचालन के लिए इस पूरे क्षेत्र को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 133 के अंतर्गत प्रतिबंधित किया गया है।
इस व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए पूरे शहर को अलग-अलग जोन में बांटकर उप-अभियंताओं और राजस्व निरीक्षकों की टीमें तैनात की गई हैं
जोन 1 उप-अभियंता नेमीचंद वर्मा के नेतृत्व में पड़ाव चौक से पंडरिया रोड,लोरमी तिराहा और सिंधी कॉलोनी चौक से रायपुर/नवागढ़ रोड तक सघन निगरानी रखी जाएगी।
जोन 2 उप-अभियंता प्रतीक पांडेय के नेतृत्व में दाऊपारा चौक से लोरमी रोड,बिलासपुर रोड और पुराना बस स्टैंड से पड़ाव चौक तक कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरे वृहद अभियान के सुचारू संपादन के लिए सहायक अभियंता विद्यानंद मधुकर यादव को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
कलेक्टर कुंदन कुमार जी की दूरदर्शी सोच और कुशल मार्गदर्शन से मुंगेली बनेगा सुगम और सुरक्षित:होरी सिंह ठाकुर
इस बड़े अभियान को लेकर नगर पालिका मुंगेली के CMO होरी सिंह ठाकुर ने कहाकि शहर को स्वच्छ,सुंदर और दुर्घटनामुक्त बनाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़कों पर घूम रहे मवेशियों के कारण अक्सर गंभीर हादसे होते हैं और यातायात बाधित होता है। इस बड़ी समस्या के स्थाई समाधान के लिए हमारे कलेक्टर कुंदन कुमार जी का मार्गदर्शन हमारे लिए सबसे बड़ा संबल रहा है। कलेक्टर महोदय की दूरदर्शी सोच,त्वरित निर्णय लेने की क्षमता और जनहित के कार्यों के प्रति उनकी संवेदनशीलता की बदौलत ही हम इतने बड़े पैमाने पर इस वृहद अभियान को अमलीजामा पहना पा रहे हैं।
उन्होंने आगे कहाकि कलेक्टर महोदय के स्पष्ट निर्देश हैं कि किसी भी नागरिक को आवागमन में असुविधा नहीं होनी चाहिए और शहर की कानून व्यवस्था चाक-चौबंद रहनी चाहिए। उनके कुशल नेतृत्व में हमारी पूरी टीम मुस्तैदी से मैदान पर उतर चुकी है। हम पशु मालिकों से भी विनम्र अपील करते हैं कि वे अपने मवेशियों को सड़कों पर न छोड़ें। यदि इसके बाद भी नियमों का उल्लंघन किया गया,तो कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
पशु मालिकों को सख्त हिदायत
नगर पालिका प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सड़कों पर मवेशी छोड़ने वाले मालिकों की पहचान कर उन पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को रोजाना की रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। इस अभियान से मुंगेली की जनता को जल्द ही आवारा पशुओं की समस्या और रोज-रोज के ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।



