मुंगेली/मुंगेली-बेमेतरा मुख्य मार्ग जो लंबे समय से रखरखाव और देखरेख के अभाव में बदहाली के आंसू रो रहा था,अब आखिरकार राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों के चलने लायक बन सका है। इस मार्ग के सुधरने से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है।
गड्ढों में तब्दील हो चुकी थी सड़क,हादसे बने थे रोज की बात
उल्लेखनीय है कि मुंगेली से बेमेतरा को जोड़ने वाला यह मार्ग अत्यंत जर्जर स्थिति में पहुंच चुका था। पूरी सड़क पर बड़े-बड़े और जानलेवा गड्ढे बन गए थे,जिससे इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों,राहगीरों और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
हालिया बारिश के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो गई थी। गड्ढों में लगातार पानी भर जाने के कारण चालकों को सड़क की गहराई का अंदाजा नहीं मिल पाता था,जिससे आए दिन लोग दुर्घटनाओं के शिकार हो रहे थे। कई दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे थे और क्षेत्र में जन आक्रोश पनप रहा था।
ग्रामीणों ने राजेश्वर सिंह टंडन को समस्या से कराया अवगत
सड़क की इस नारकीय स्थिति और रोज-रोज हो रहे हादसों से तंग आकर ग्रामीणों ने भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) मुंगेली के जिला उपाध्यक्ष राजेश्वर सिंह टंडन से मुलाकात की। ग्रामीणों ने उन्हें अपनी समस्याओं से विस्तार से अवगत कराया और सड़क की मरम्मत के लिए हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया।
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से चर्चा और त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता और आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए राजेश्वर सिंह टंडन ने बिना किसी देरी के त्वरित कदम उठाया। उन्होंने मुंगेली एवं बेमेतरा दोनों डिविजन के लोक निर्माण विभाग (PWD) के वरिष्ठ अधिकारियों से सीधी चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को सड़क की बदहाली,ग्रामीणों के आक्रोश और बारिश के कारण मंडरा रहे हादसों के खतरे के बारे में विस्तार से बताया।
भाजयुमो नेता की सक्रिय पहल और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने त्वरित एक्शन लिया। पीडब्ल्यूडी की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर मुंगेली-बेमेतरा मार्ग के बड़े-बड़े गड्ढों को भरने और मरम्मत का कार्य शुरू किया।
ग्रामीणों और राहगीरों ने जताया आभार
लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क की मरम्मत का कार्य पूर्ण करा दिए जाने के बाद अब यह मार्ग आवागमन के लिए सुरक्षित और चलने लायक हो गया है। सड़क सुधरने से इस मार्ग पर दुर्घटनाओं का खतरा काफी हद तक कम हो गया है।
राजेश्वर सिंह टंडन के इस जनहितैषी प्रयास और समय पर की गई पहल के लिए आसपास के ग्रामीणों,वाहन चालकों और राहगीरों ने उनका सहर्ष आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि यह पहल समय पर नहीं होती तो बारिश के इस मौसम में कोई बड़ी अप्रिय घटना घट सकती थी।



