मुंगेली/छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा नगर पालिका परिषद मुंगेली के लिए एल्डरमैन (मनोनीत पार्षद) की नियुक्ति संबंधी आदेश गुरुवार को जारी कर दिया गया है। जारी सूची में नगर की राजनीति और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े पांच प्रमुख नामों को एल्डरमैन के रूप में मनोनीत किया गया है। इनमें पूर्व पार्षद एवं भाजपा के युवा नेता अमितेश ‘विज्जू’ आर्य का नाम विशेष चर्चा का विषय बना हुआ है।
शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार नगर पालिका परिषद मुंगेली में डॉ. संजय वर्मा,लेखु साहू,अमितेश (विज्जू) आर्य,राजहंस तंबोली और खेमराज मोहले को एल्डरमैन नियुक्त किया गया है। नियुक्ति के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
अमितेश ‘विज्जू’ आर्य नगर के युवा वर्ग के बीच अपनी सक्रिय कार्यशैली और जनसंपर्क के कारण खासे लोकप्रिय माने जाते हैं। वे नगर पालिका परिषद के शंकर वार्ड से लगातार दो बार पार्षद रह चुके हैं। इसके साथ ही वे भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला महामंत्री का दायित्व भी निभा चुके हैं। संगठन और राजनीति में लंबे अनुभव के चलते उन्होंने एक कुशल रणनीतिकार के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई है। यही कारण है कि शासन द्वारा उन्हें एल्डरमैन की जिम्मेदारी सौंपे जाने को राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
वहीं सूची में शामिल सरदार पटेल वार्ड के पूर्व पार्षद डॉ. संजय वर्मा,पूर्व एल्डरमैन लेखु साहू,भाजपा युवा नेता राजहंस तंबोली तथा खेमराज मोहले को भी एल्डरमैन नियुक्त किया गया है। सभी नियुक्तियों को संगठन और नगर हित में सक्रिय कार्यकर्ताओं के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।
एल्डरमैन नियुक्त किए जाने पर अमितेश ‘विज्जू’ आर्य ने छत्तीसगढ़ शासन,मुख्यमंत्री,भाजपा प्रदेश नेतृत्व एवं संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहाकि
मुझ पर जो विश्वास जताया गया है,उसके लिए मैं प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं संगठन और शासन का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। नगर के विकास,जनता की अपेक्षाओं और जनहित के मुद्दों को पूरी जिम्मेदारी के साथ नगर पालिका परिषद में उठाऊंगा। मेरा प्रयास रहेगा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और मुंगेली के समग्र विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाऊं। यह सम्मान केवल मेरा नहीं,बल्कि उन सभी कार्यकर्ताओं और नगरवासियों का है,जिन्होंने हमेशा मेरा साथ और विश्वास बनाए रखा।
नगर पालिका परिषद में नए एल्डरमैनों की नियुक्ति के साथ अब विकास कार्यों और जनहित से जुड़े मुद्दों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अनुभवी और सक्रिय जनप्रतिनिधियों की यह टीम नगर के विकास में प्रभावी भूमिका निभा सकती है।



