मुंगेली/जिले के कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिला कलेक्टोरेट परिसर में साप्ताहिक जनदर्शन का आयोजन किया गया। जनदर्शन में जिले के दूर-दराज के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं,शिकायतों और विभिन्न मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में एडीएम श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे ने संयुक्त रूप से आमजनों की समस्याओं को अत्यंत गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने मौके पर मौजूद विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार,समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।
जनदर्शन के दौरान अधिकारियों को निर्देशित करते हुए अतिरिक्त कलेक्टर ने शासन की प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए एडीएम श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने कहाकि
जनदर्शन आम नागरिकों और प्रशासन के बीच संवाद का एक अत्यंत प्रभावी मंच है। शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारी प्राप्त प्रत्येक आवेदन का निष्पक्ष,पारदर्शी और संवेदनशीलता के साथ परीक्षण करें और निर्धारित समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करें,ताकि पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ बिना किसी देरी के मिल सके।
प्रमुख मामले और नागरिकों की मांगें
जनदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण,सामाजिक सुरक्षा पेंशन,पेयजल आपूर्ति और भूमि संबंधी विभिन्न प्रकरणों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए जिन पर प्रशासन ने तत्काल परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है
पेंशन और राशन की मांग:ग्राम केशरूवाडीह निवासी दुलकुंवर सिंह ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन और राशन सुविधा दिलाने हेतु आवेदन दिया।
सार्वजनिक शौचालय:ग्राम मोहभट्ठा के ग्रामीणों ने गाँव में सार्वजनिक शौचालय निर्माण की माँग रखी।
भूमि रकबा संशोधन:ग्राम अमलीडीह के टेकराम साहू ने अपने भूमि के रकबे में संशोधन का आवेदन प्रस्तुत किया।
पीएम आवास योजना:ग्राम हेड़सपुर के शंकर सिंह मरकाम ने प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में नाम जोड़ने का आग्रह किया।
पेयजल समस्या:ग्राम हेड़सपुर की श्रीमती मीना जांगड़े ने वार्ड क्रमांक-11 में बनी पेयजल किल्लत का जल्द समाधान करने की माँग की।
भूमि सीमांकन:ग्राम उदका के लखनलाल कुर्रे ने अपनी भूमि का नियमानुसार सीमांकन कराने हेतु आवेदन सौंपा।
वही जनदर्शन की इस पूरी प्रक्रिया के दौरान कलेक्टोरेट में विभागीय समन्वय देखने को मिला। इस अवसर पर लोरमी एसडीएम अजीत पुजारी,पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा,तहसीलदार कुणाल पाण्डेय सहित जिला स्तर के समस्त विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जिन्हें संबंधित प्रकरणों पर त्वरित कार्यवाही के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए।



