कक्षा 6 से 12 तक विद्यार्थियों की अधिक संख्या और कक्षों की कमी का लिया संज्ञान,शिक्षकों की आवश्यकता सहित स्कूल की व्यवस्थाओं पर हुई विस्तृत चर्चा
मुंगेली/नगर पालिका मुंगेली के अध्यक्ष रोहित शुक्ला एवं जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी. डाहिरे ने संयुक्त रूप से नगर पालिका मुंगेली स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान नगर पालिका के इंजीनियर विद्यानंद मधुकर यादव एवं विद्यालय के प्राचार्य विजय सोनी,संकुल समन्वयक सुशील जांगड़े सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय की शैक्षणिक एवं भौतिक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए स्कूल की विभिन्न आवश्यकताओं को लेकर प्राचार्य एवं शिक्षकों से विस्तार से चर्चा की। विशेष रूप से भौतिकी एवं हिंदी विषय के व्याख्याताओं की आवश्यकता,साथ ही सहायक ग्रेड-3 एवं प्यून के रिक्त पदों को भरे जाने की आवश्यकता पर चर्चा की गई।
कक्षों की कमी की समस्या का होगा समाधान
निरीक्षण के दौरान यह बात सामने आई कि विद्यालय में कक्षा 6 से 12 तक विद्यार्थियों की संख्या अधिक है, जबकि उपलब्ध अध्यापन कक्षों की संख्या अपेक्षाकृत कम है। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई एवं कक्षाओं के संचालन में व्यावहारिक परेशानी उत्पन्न हो रही है।
समस्या के समाधान के लिए नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला एवं नगर पालिका अभियंता द्वारा विद्यालय परिसर में अतिरिक्त भवन/कक्ष निर्माण के लिए स्थल का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ कराने की दिशा में आवश्यक पहल करने की बात कही, जिससे विद्यार्थियों को पर्याप्त कक्ष उपलब्ध हो सकें और शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।
जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक दक्षता भी परखी
निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी. डाहिरे ने कक्षा 6 के विद्यार्थियों से 25 तक पहाड़ा तथा हिंदी-अंग्रेजी पठन का परीक्षण लिया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई का स्तर जाना और बेहतर प्रदर्शन के लिए उनका उत्साहवर्धन किया।
अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन,अनुशासन एवं बेहतर शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता एवं विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं को लेकर भी जानकारी ली गई।
नपा अध्यक्ष ने बच्चों के साथ किया मध्यान्ह भोजन
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला एवं जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यार्थियों के साथ मध्यान्ह भोजन ग्रहण किया। भोजन के पश्चात विद्यार्थियों को चावल,दाल,चना-आलू की सब्जी एवं अचार-पापड़ का वितरण किया गया।
मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक पाए जाने पर चखना पंजी में अधिकारियों द्वारा प्रविष्टि दर्ज की गई। इस दौरान भोजन की गुणवत्ता एवं विद्यार्थियों को मिल रही सुविधाओं का भी जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय की आवश्यकताओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विषयों पर आवश्यक कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। अतिरिक्त कक्ष निर्माण की पहल से विद्यालय में कक्षों की कमी दूर होने तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलने की उम्मीद है। साथ ही रिक्त पदों पर आवश्यक शिक्षकों एवं कर्मचारियों की उपलब्धता से विद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूती मिलने की संभावना है।



