मुंगेली/नगर पालिका परिषद मुंगेली क्षेत्र के नागरिकों को जल्द ही सुबह और शाम की सैर के लिए एक सुरक्षित और सुगम मार्ग मिलने जा रहा है। शहर के दाऊपारा से लेकर कलेक्टर निवास तक शासन के 15वें वित्त मद से एक अत्याधुनिक फुटपाथ (पेवर ब्लॉक पाथवे) का निर्माण कार्य तेजी से शुरू हो गया है। लगभग 50 लाख रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाले इस फुटपाथ निर्माण कार्य का नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने कार्य की गुणवत्ता को लेकर ठेकेदार को कड़े निर्देश दिए और तय समय सीमा के भीतर काम पूरा करने को कहा। इस मौके पर निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार अनिरुद्ध तिवारी,राजा माणिक,राम तलरेजा और किशोर चेलानी उपस्थित रहे।
सुबह-शाम सैर करने वालों को मिलेगी बड़ी राहत
दाऊपारा से कलेक्टर निवास का मार्ग शहर के प्रमुख मार्गों में से एक है, जहाँ सुबह और शाम के वक्त बड़ी संख्या में आम जनता,बुजुर्ग और बच्चे स्वास्थ्य लाभ और वॉक के लिए निकलते हैं। मुख्य सड़क पर वाहनों के भारी दबाव के कारण हमेशा दुर्घटना का अंदेशा बना रहता था। इस फुटपाथ के बन जाने से वॉकर्स बिना किसी डर के सुरक्षित ढंग से अपनी मॉर्निंग और इवनिंग वॉक कर सकेंगे।
जनता की सुविधा और सुरक्षा हमारी प्राथमिकता:रोहित शुक्ला,अध्यक्ष,नगर पालिका
नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने कहाकि”नगर का विकास और आम जनता की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। दाऊपारा से कलेक्टर निवास मार्ग पर फुटपाथ की मांग लंबे समय से की जा रही थी। शासन के 15वें वित्त मद से लगभग 50 लाख की लागत से इस जनहित के कार्य को स्वीकृति दी गई है। मैंने स्वयं मौके पर जाकर काम का जायजा लिया है। ठेकेदार को स्पष्ट हिदायत दी गई है कि निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। काम समय पर पूरा हो ताकि हमारे शहर के बुजुर्गों,महिलाओं और बच्चों को सुबह की सैर के लिए एक सुगम और सुरक्षित माहौल मिल सके।”
ठेकेदार अनिरुद्ध तिवारी ने कहाकि नगर पालिका अध्यक्ष जी ने कार्यस्थल का निरीक्षण कर जो भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं,उनका पूरी तरह से पालन किया जाएगा। निर्माण कार्य में उच्च स्तरीय पेवर ब्लॉक और तकनीकी मानकों का उपयोग किया जा रहा है। हमारी टीम दिन-रात लगकर काम कर रही है ताकि तय समय सीमा से पहले ही इस फुटपाथ को पूरी मजबूती के साथ तैयार कर नगर पालिका और जनता को सौंप दिया जाए।
नगरवासियों ने जताया हर्ष
कलेक्टर निवास मार्ग पर फुटपाथ निर्माण की शुरुआत होने से स्थानीय नागरिकों और रोजाना सैर करने वाले लोगों में भारी उत्साह है। शहर के प्रबुद्ध नागरिकों का कहना है कि इस फुटपाथ के बनने से न सिर्फ यातायात सुगम होगा और दुर्घटनाओं पर रोक लगेगी,बल्कि शहर के इस वीआईपी मार्ग का सौंदर्य भी काफी बढ़ जाएगा।



