मुंगेली/केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी ‘इमरजेंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट सिस्टम’ (ERSS) योजना के तहत मुंगेली जिले की कानून व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को एक बड़ा और आधुनिक बूस्ट मिला है। गौरतलब हो कि बीते 18 मई को देश के गृहमंत्री अमित शाह द्वारा रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्र स्तर पर 400 आपातकालीन वाहनों को हरी झंडी दिखाए जाने के बाद,इसी के तहत मुंगेली जिले को भी ‘डायल सीजी 112’ (Dial CG 112) के रूप में 7 अत्याधुनिक वाहन प्राप्त हुए हैं।
वहीं इन वाहनों को जिले के थानों में तैनात करने और जनता की सेवा में समर्पित करने के लिए बुधवार को जिला कलेक्टर जनदर्शन सभाकक्ष में एक भव्य और गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित क्षेत्रीय विधायक पुन्नूलाल मोहले,जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय,नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला,भाजपा जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शैलेष पाठक ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अमले से कलेक्टर कुंदन कुमार,एसएसपी भोजराम पटेल,उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह,तहसीलदार कुणाल पाण्डेय,नगर पालिका सीएमओ होरी सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि,पुलिस बल के जवान और अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इन नए वाहनों के आने से अब जिले के दूर-दराज के इलाकों में भी आपातकालीन स्थिति में पुलिस और मेडिकल सहायता महज कुछ ही मिनटों में उपलब्ध हो सकेगी।
इस बड़ी सौगात पर जनप्रतिनिधि और अधिकारियों कहाकि
नगर विधायक पुन्नूलाल मोहले ने कहाकि केंद्र की मोदी सरकार और गृहमंत्री अमित शाह जी का यह कदम देश और प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने वाला है। मुंगेली जिले को ये 7 नए आपातकालीन वाहन मिलना हमारे लिए गर्व और राहत की बात है। अब दुर्घटना,अपराध या किसी भी आकस्मिक संकट के समय हमारे जिले की जनता को त्वरित सहायता मिलेगी। यह वाहन ‘रक्षक’ की भूमिका निभाएंगे।
रोहित शुक्ला,नगर पालिका अध्यक्ष ने कहाकि शहरी और ग्रामीण दोनों ही क्षेत्रों में कई बार आपातकालीन परिस्थितियों में गाड़ियों की कमी महसूस होती थी, लेकिन अब इन आधुनिक वाहनों के बेड़े में शामिल होने से ‘डायल 112’ की पहुंच और तेज होगी। मुंगेली नगर पालिका और पूरा जिला प्रशासन इस बेहतरीन सुविधा के लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करता है।
कलेक्टर कुंदन कुमार ने कहाकि इमरजेंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट सिस्टम के तहत मिले ये वाहन जिले की कानून व्यवस्था और आपदा प्रबंधन को एक नई मजबूती देंगे। हमारा प्रयास रहेगा कि इन वाहनों का प्रबंधन इस तरह हो कि सूचना मिलते ही रिस्पॉन्स टाइम कम से कम हो। स्वास्थ्य,सुरक्षा और आपातकाल के समय यह सेवा जिले के नागरिकों के लिए जीवनदायिनी साबित होगी।
एसएसपी भोजराम पटेल ने कहाकि पुलिसिंग को हाईटेक और क्विक-रिस्पॉन्सिव बनाने की दिशा में यह एक बड़ा मील का पत्थर है। इन 7 नए वाहनों को जिले के संवेदनशील और प्रमुख थानों में आवंटित किया जा रहा है। पुलिस बल अब और अधिक मुस्तैदी तथा आधुनिक संसाधनों के साथ जनता की सेवा के लिए 24 घंटे तत्पर रहेगा। किसी भी अप्रिय घटना या आपातकाल में नागरिक बेझिझक 112 पर कॉल कर सकते हैं,सहायता तुरंत पहुंचेगी।



