मुंगेली/संतों के चरण जिस धरती पर पड़ते हैं, उस धरती का सौभाग्य जाग उठता है। संतों का आगमन केवल धार्मिक आयोजन नहीं,बल्कि समाज में प्रेम,सद्भावभक्ति और आध्यात्मिक चेतना का संदेश लेकर आता है। इसी भाव के साथ सतगुरु धनी धर्मदास के पावन प्रकट उत्सव के शुभ अवसर पर 25 नवंबर 2026 को क्षत्रपाल गुरु गोस्वामी का मुंगेली की पावन धरा पर आगमन होने जा रहा है। उनके आगमन को लेकर श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमियों में विशेष उत्साह का माहौल है।इस दौरान उनके साथ कबीर पंथी समाज के जिला अध्यक्ष गुरु हेमेंद्र गोस्वामी भी उपस्थित रहेंगे
इस अवसर पर मुंगेली नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं एवं सामाजिकजनों द्वारा पुष्पवर्षा,स्वागत और अभिनंदन कर गुरुदेव के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की जाएगी। गुरु गोस्वामी के पावन आगमन से नगर का वातावरण भक्तिमय होने की उम्मीद है।
जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री श्री ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर में निकलने वाली भव्य शोभायात्रा का लोरमी रोड स्थित खाटू श्याम प्रॉपर्टी डीलिंग कार्यालय के सामने विशेष एवं भव्य स्वागत किया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालुओं एवं आयोजन से जुड़े लोगों द्वारा गुरुदेव का आत्मीय अभिनंदन किया जाएगा। उन्होंने धर्मप्रेमियों एवं नगरवासियों से इस पावन अवसर पर उपस्थित होकर गुरुदेव के स्वागत एवं दर्शन का पुण्य लाभ लेने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि संतों का आगमन समाज के लिए सौभाग्य की बात है। संतों के वचन मनुष्य को सही मार्ग दिखाते हैं,उनके विचार जीवन में सकारात्मकता लाते हैं और उनका आशीर्वाद मनुष्य की सबसे बड़ी पूंजी होता है।
मुंगेली की पावन धरा पर क्षत्रपाल गुरु गोस्वामी का आगमन निश्चित ही श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक आनंद और आस्था का विशेष अवसर होगा। समस्त नगरवासियों की ओर से गुरुदेव का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन है।




