मुंगेली/खाना बनाने में हुई देरी को लेकर हुए विवाद ने इतना भयावह रूप ले लिया कि पति ने अपनी ही पत्नी की जलती लकड़ी की अंगीठी से हमला कर हत्या कर दी। इस जघन्य हत्याकांड में सत्र न्यायालय मुंगेली ने आरोपी पति को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास एवं अर्थदंड से दंडित किया है। प्रकरण में अभियोजन पक्ष द्वारा प्रस्तुत गवाहों के बयान और वैज्ञानिक प्रयोगशाला की रिपोर्ट महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हुए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार,चौकी खुड़िया,थाना लोरमी के अपराध क्रमांक 37/2025 के अंतर्गत धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) से संबंधित सत्र प्रकरण क्रमांक 8/2025 में अभियुक्त तितरु बैगा पिता स्वर्गीय वीर सिंह बैगा,उम्र 45 वर्ष,निवासी ग्राम औरपानी,चौकी खुड़िया,थाना लोरमी को सत्र न्यायाधीश मुंगेली की पीठासीन अधिकारी श्रीमती गिरिजा देवी मरावी ने दोषसिद्ध ठहराते हुए आजीवन कारावास एवं अर्थदंड से दंडित किया है।
खाना बनाने में देरी पर हुआ था विवाद
अभियोजन के अनुसार,घटना के दौरान आरोपी तितरु बैगा अपनी पत्नी जूगरी बाई बैगा से खाना देर से बनाने की बात को लेकर विवाद करने लगा। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने खाना बनाने के चूल्हे से जलती हुई लकड़ी की अंगीठी निकालकर अपनी पत्नी पर प्राणघातक हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल जूगरी बाई की मृत्यु हो गई। घटना के बाद आरोपी ने मृतिका के शव को खटिया पर सुला दिया था,जिससे घटना की परिस्थितियों को लेकर संदेह उत्पन्न हुआ।
पुत्र की रिपोर्ट से सामने आया मामला
मृतिका के पुत्र द्वारा पुलिस को घटना की रिपोर्ट दिए जाने के बाद मामले की जांच शुरू हुई। बताया गया कि पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी स्वयं को बसूला से चोट पहुंचाने लगा था। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की और साक्ष्य एकत्रित किए। आरोपी 25 जनवरी 2025 से विचारण अवधि तक जेल में निरुद्ध था।
15 गवाहों के बयान और वैज्ञानिक रिपोर्ट बनी अहम कड़ी
न्यायालय में अभियोजन पक्ष ने अपने मामले को प्रमाणित करने के लिए कुल 15 गवाहों का परीक्षण कराया। इसके साथ ही वैज्ञानिक प्रयोगशाला की रिपोर्ट भी प्रकरण में महत्वपूर्ण साबित हुई। जप्त की गई लकड़ी की अंगीठी,आरोपी की जर्सी तथा घटनास्थल पर मानव रक्त पाए जाने की पुष्टि वैज्ञानिक जांच में हुई। इन वैज्ञानिक साक्ष्यों और गवाहों के बयानों को न्यायालय ने प्रकरण के विचारण के दौरान महत्वपूर्ण माना।
अभियोजन की प्रभावी पैरवी से मिली सजा
प्रकरण में अभियोजन की ओर से लोक अभियोजक रजनीकांत सिंह ठाकुर,मुंगेली ने प्रभावी पैरवी की। वहीं पूरे मामले की विवेचना उप निरीक्षक सत्येंद्रपुरी गोस्वामी द्वारा की गई थी। न्यायालय ने प्रस्तुत साक्ष्यों एवं अभियोजन पक्ष के तर्कों के आधार पर आरोपी तितरु बैगा को दोषसिद्ध ठहराते हुए आजीवन कारावास एवं अर्थदंड से दंडित करने का फैसला सुनाया।



