मुंगेली/नगर पालिका क्षेत्र के पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड स्थित सोनकर सेल्स कॉलोनी में बारिश के बाद सड़कों पर होने वाले जलभराव की समस्या से कॉलोनीवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बारिश का पानी सड़कों पर जमा होने से आवागमन प्रभावित होने के साथ ही लोगों को घरों से निकलने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। कॉलोनीवासियों ने इस समस्या से नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला को अवगत कराया।
कॉलोनीवासियों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला तत्काल सोनकर सेल्स कॉलोनी पहुंचे और मौके पर पहुंचकर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय लोगों से चर्चा कर समस्या की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली तथा जल निकासी में आ रही परेशानियों को देखा।
निरीक्षण के दौरान नपा अध्यक्ष ने नगर पालिका की सफाई टीम को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही सफाई कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची और जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए आवश्यक कार्यवाही शुरू की गई। नपा अध्यक्ष स्वयं मौके पर मौजूद रहकर पूरी व्यवस्था की निगरानी करते रहे और सामने खड़े होकर समस्या का निराकरण कराया।
नगर पालिका अध्यक्ष की इस त्वरित पहल से कॉलोनीवासियों को बारिश के बाद होने वाले जलभराव से तत्काल राहत मिली। समस्या के शीघ्र निराकरण पर कॉलोनीवासियों ने नपा अध्यक्ष रोहित शुक्ला का आभार जताते हुए कहा कि शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेकर मौके पर पहुंचना और अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देश देकर समस्या का समाधान कराना सराहनीय पहल है।
इस दौरान आत्मा सिंह क्षत्रिय,लक्ष्मीनारायण रावत,सचिन जायसवाल,सजल यादव,शिवम जायसवाल सहित कॉलोनीवासी एवं नगर पालिका की सफाई कर्मियों की टीम मौजूद रही।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या बार-बार सामने आती है। ऐसे में समय रहते जल निकासी की व्यवस्था को बेहतर करने से भविष्य में लोगों को परेशानी से बचाया जा सकता है। वहीं,नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा मौके पर पहुंचकर तत्काल कार्रवाई किए जाने से स्थानीय लोगों में राहत और संतोष का माहौल रहा।



