मुंगेली/शहर की जनसमस्याओं और बुनियादी सुविधाओं में सुधार को लेकर स्थानीय नागरिक देवेश शर्मा ने कलेक्टर जनदर्शन में ज्ञापन सौंपकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया है। आवेदन के माध्यम से शहर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की अव्यवस्थाओं,दूर शिफ्ट किए गए अस्पतालों को पुनः शहर के मध्य लाने,सुलभ शौचालयों की कुव्यवस्था दूर करने तथा महिलाओं के लिए ‘पिंक टॉयलेट’ की सुविधा शुरू करने की मांग की गई है।
शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (आयुष्मान आरोग्य मंदिर) की समय सीमा पर सवाल
सरदार पटेल वार्ड स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कहने को तो 24 घंटे प्रसव सेवा संचालित है,लेकिन डॉक्टरों और कर्मचारियों द्वारा इसे शाम 7:00 बजे ही बंद कर दिया जाता है और अगली सुबह 10:00 बजे खोला जाता है। रात के समय बंद रहने के कारण स्थानीय नागरिकों और प्रसूताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसे 24 घंटे दुरुस्त ढंग से संचालित करने की मांग की गई है।
आयुर्वेदिक व होम्योपैथिक अस्पतालों को शहर के मध्य शिफ्ट करने की मांग
पूर्व में शहर के मध्य संचालित होने वाले आयुर्वेदिक अस्पताल को रामगढ़ जिला अस्पताल और होम्योपैथिक अस्पताल को आउटर क्षेत्र (आवासपारा मार्ग) में शिफ्ट कर दिया गया है। आउटर में होने के कारण मुंगेली के 22 वार्डों के नागरिकों और आसपास के ग्रामीणों को इलाज कराने में काफी असुविधा हो रही है। मांग की गई है कि इन अस्पतालों को शहर के मध्य स्थित पुरानी पुरानी इमारतों में पुनः संचालित किया जाए।
सरदार पटेल वार्ड स्थित सुलभ शौचालय की दुर्दशा
सरदार पटेल वार्ड में स्थित सुलभ शौचालय (जो पुलिस थाना,अजाक थाना,आगर स्टेडियम,पीएचसी,भाजपा कार्यालय व सदर बाजार के पास एकमात्र शौचालय है) में केवल टॉयलेट की सुविधा है,जबकि नहाने/प्रसाधन की समुचित व्यवस्था नहीं है। साथ ही,यहाँ नियुक्त स्टाफ को नगर पालिका द्वारा अन्य कार्यों में ड्यूटी पर लगा दिया जाता है, जिससे यह सुलभ शौचालय अक्सर बंद रहता है। इसे अन्य सुलभ परिसरों की तरह सर्वसुविधायुक्त और नियमित संचालित करने की मांग रखी गई है।
बिलासपुर और रायपुर की तर्ज पर मुंगेली में ‘पिंक टॉयलेट’ की मांग
रायपुर और बिलासपुर जैसे बड़े शहरों की तर्ज पर मुंगेली के प्रमुख स्थलों जैसे बलानी चौक,सदर बाजार,पुराना बस स्टैंड,पड़ाव चौक,दाऊपारा आदि स्थानों पर महिलाओं के लिए विशेष ‘पिंक टॉयलेट’ का निर्माण कराया जाए। दुर्गा पूजा,गणेश उत्सव,दशहरा और व्यापार मेला जैसे बड़े आयोजनों में दूर-दराज से आने वाली महिलाओं को प्रसाधन सुविधा न होने के कारण भारी शर्मिंदगी और परेशानी उठानी पड़ती है।

अधिकारियों ने जल्द निराकरण करने की कही बात
“शहरी स्वास्थ्य केंद्र (आयुष्मान आरोग्य मंदिर) में 24 घंटे प्रसव सेवा की उपलब्धता सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। यदि शाम 7 बजे अस्पताल बंद होने की शिकायत प्राप्त हुई है,तो इसकी जांच कराई जाएगी और संबंधित चिकित्सा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित कर व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाएगा।”
गिरीश कुर्रे,डीपीएम,स्वास्थ्य विभाग,मुंगेली
“सरदार पटेल वार्ड स्थित सुलभ शौचालय की व्यवस्था को दुरुस्त कराया जाएगा। स्टाफ को केवल सुलभ संचालन की व्यवस्था देखने के निर्देश दिए जाएंगे ताकि नागरिकों को परेशानी न हो। इसके अलावा शहर के प्रमुख बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं की सुविधा के लिए पिंक टॉयलेट के निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा।”
होरी सिंह ठाकुर,सीएमओ,नगर पालिका परिषद,मुंगेली



