मुंगेली/प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में केंद्र में भाजपा सरकार के सफल कार्यकाल और सांगठनिक मजबूती को नई धार देने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘सेवा ही संगठन’ के संकल्प के साथ गांव/बस्ती चलो अभियान’ का आगाज़ किया गया है। मुंगेली जिले में इस अभियान की कमान भाजपा जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी ने संभाली है,जिनके नेतृत्व में कार्यकर्ताओं की टोली नगर और बस्तियों में सघन जनसंपर्क कर रही है।
7 अप्रैल से 12 अप्रैल तक चलने वाले इस विशेष अभियान के तहत मुंगेली नगर में भाजपा के जनप्रतिनिधि,पदाधिकारियों और ऊर्जावान कार्यकर्ताओं ने वार्डों और बस्तियों का भ्रमण किया। इस दौरान टीम ने आम नागरिकों से भेंट कर केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की साय सरकार की उपलब्धियां एवं सरकार द्वारा संचालित जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यकर्ताओं ने न केवल विकास कार्यों को गिनाया,बल्कि पात्र लोगों से इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील भी की।
अभियान के दौरान पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष शैलेष पाठक ने कहाकि
“हमारा लक्ष्य केवल राजनीति करना नहीं,बल्कि अंतिम व्यक्ति की सेवा करना है। प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने जो प्रगति की है,वह अभूतपूर्व है। ‘गांव/बस्ती चलो अभियान’ के माध्यम से हम हर घर तक यह संदेश पहुँचा रहे हैं कि भाजपा की सरकार उनके विकास और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है।साथ ही भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।”
वहीं नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा ने स्थानीय स्तर पर अभियान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा:
“नगर की बस्तियों और गलियों में जो उत्साह दिख रहा है,वह स्पष्ट करता है कि जनता का भरोसा भाजपा पर अडिग है। हम स्वच्छता अभियान चला रहे हैं,अपने वरिष्ठों का सम्मान कर रहे हैं और हर घर पर भाजपा का ध्वज लगा रहे हैं। यह अभियान संगठन को अभेद्य बनाने और केंद्र की सम्माननीय नरेंद्र मोदी और राज्य की यशस्वी विष्णुदेव साय की सरकार’ की लोक-कल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने का सबसे सशक्त माध्यम है।”
अभियान के मुख्य स्तंभ
इस अभियान के तहत पार्टी ने कई महत्वपूर्ण कार्य निर्धारित किए हैं:
स्वच्छता अभियान:सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश देना।
सम्मान कार्यक्रम:संगठन की नींव रखने वाले वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का घर जाकर सम्मान करना।
ध्वजारोहण:हर गांव और नगर के घर-घर में भाजपा का ध्वज लहराकर कार्यकर्ताओं में उत्साह भरना।
लाभार्थी संपर्क:सीधे तौर पर सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से मिलकर उनके अनुभव साझा करना।
इस अवसर पर नगर मंडल अध्यक्ष सौरभ बाजपेयी,मन्नू श्रीवास्तव,वासुदेव देवांगन,राहुल पाठक,होरी सोनकर,प्रवीण सोनी सहित बड़ी संख्या में महिला नेत्रियां और सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
आगामी चुनावों के मद्देनजर,भाजपा का यह ‘गांव/बस्ती चलो अभियान’ ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अपनी पकड़ मजबूत करने की एक सोची-समझी और प्रभावी रणनीति मानी जा रही है,जो सीधे तौर पर ‘हितग्राही वर्ग’ को साधने का काम कर रही है।



