मुंगेली/नगर पालिका परिषद मुंगेली के लिए शासन द्वारा मनोनीत नए एल्डरमैनों का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को पुराना बस स्टैंड स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल सभा भवन में गरिमामय और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को भव्यता प्रदान की। वही इस आयोजन की अध्यक्षता नगर विधायक पुन्नूलाल मोहले रहे
अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) श्रीमती रेखा चंद्रा ने शासन द्वारा मनोनीत एल्डरमैनों डॉ. संजय वर्मा,अमितेश आर्य (विज्जू),डॉ. लेख राम साहू,राजहंस तम्बोली एवं खेमराज मोहले को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई और उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों ने कहाकि
तोखन साहू,केंद्रीय राज्य मंत्री,आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय,भारत सरकार
“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, युवा विकास और जनकल्याण के लिए पूरी निष्ठा से काम कर रही है। ‘स्वच्छ भारत मिशन’ के माध्यम से आज देश के शहरों और गांवों में स्वच्छता के प्रति अभूतपूर्व जागरूकता आई है। नवनियुक्त एल्डरमैनों से अपेक्षा है कि वे केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाकर नगर के समग्र विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।”
अरुण साव,उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री,छत्तीसगढ़ शासन
“मुंगेली का विकास हमारी प्राथमिकता है। वर्तमान में शहर में नालंदा परिसर,स्विमिंग पूल और पुष्प वाटिका उद्यान जैसे अत्याधुनिक निर्माण कार्य तेजी से चल रहे हैं,जो आने वाले समय में शहरवासियों को नई सुविधाएं प्रदान करेंगे। स्थानीय विधायक द्वारा रखी गई मांग को स्वीकार करते हुए मैं मुंगेली के लिए 4 करोड़ रुपये के नवीन विकास कार्यों की घोषणा करता हूँ। मुंगेली के विकास में धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।”
पुन्नूलाल मोहले,विधायक,मुंगेली
“हमारी सरकार मुंगेली के चहुंमुखी विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अब तक शहर के बुनियादी ढांचे और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए 80 करोड़ रुपये से अधिक के कार्यों की स्वीकृति मिल चुकी है,जिसके लिए हम उपमुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त करते हैं। नए एल्डरमैनों के आने से नगर पालिका परिषद का काम और अधिक प्रभावी और जनोन्मुखी बनेगा।”
विकास कार्यों का लेखा-जोखा और मांग पत्र
समारोह की शुरुआत में नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा ने स्वागत उद्बोधन दिया। तत्पश्चात भाजपा जिलाध्यक्ष दीननाथ केशरवानी ने अपने संबोधन में मुंगेली में हो रहे मौजूदा विकास को “ऐतिहासिक” करार दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक पुन्नूलाल मोहले ने सरकार की विकास प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए अब तक स्वीकृत 80 करोड़ से अधिक के कार्यों के लिए आभार जताया और शहर के भावी विकास के लिए उपमुख्यमंत्री के समक्ष 4 करोड़ रुपये के नए कार्यों का प्रस्ताव रखा,जिसे उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने मंच से ही तत्काल स्वीकृति दे दी।
प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति
शपथ ग्रहण समारोह के अवसर पर प्रशासनिक और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी मौजूदगी रही। कार्यक्रम में
प्रशासनिक अधिकारी:जिला कलेक्टर कुंदन कुमार,उपमंडलीय दंडाधिकारी (एसडीएम) श्रीमती रेखा चंद्रा,मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) होरी सिंह ठाकुर,तहसीलदार कुनाल पांडे,सहायक अभियंता विद्यानंद मधुकर यादव,उप अभियंता नेमीचन्द वर्मा।
जनप्रतिनिधि एवं नागरिक मौजूद रहे
भाजपा जिलाध्यक्ष दीननाथ केशरवानी, नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा,समस्त पार्षदगण,नगर पालिका परिषद के अधिकारी-कर्मचारी,शहर के वरिष्ठ नागरिक एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में उपस्थित अतिथियों,अधिकारियों और नागरिकों ने नवनियुक्त एल्डरमैनों का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया और उम्मीद जताई कि वे नगर पालिका के कार्यों में नई ऊर्जा का संचार करेंगे।



