मुंगेली/छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति और पारंपरिक लोककलाओं में सुवा नृत्य का विशेष स्थान है। दीपावली पर्व के बाद प्रदेश के गांवों और शहरों में सुवा नृत्य की शुरुआत हो जाती है। पारंपरिक वेशभूषा में सजी बालिकाओं एवं महिलाओं की टोलियां घर-घर पहुंचकर सुवा गीत गाते हुए मनमोहक नृत्य प्रस्तुत करती हैं। छत्तीसगढ़ की इस लोकपरंपरा में लोकगीतों की मिठास,आपसी मेलजोल और सांस्कृतिक विरासत की खूबसूरत झलक देखने को मिलती है।
इसी सांस्कृतिक परंपरा की एक सुंदर झलक नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला के कुम्हारपारा स्थित निवास पर देखने को मिली, जहां बालिकाओं की एक टोली पहुंची और पारंपरिक अंदाज में सुवा नृत्य की प्रस्तुति दी। बालिकाओं ने बीच में प्रतीकात्मक सुवा (तोते) को रखकर पारंपरिक सुवा गीतों की मधुर धुन पर आकर्षक नृत्य किया। उनके गीतों और नृत्य ने घर में उत्सव जैसा माहौल बना दिया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला का परिवार भी उपस्थित रहा और सभी ने बालिकाओं की प्रस्तुति का आनंद लिया।
परिवार ने कराया स्वल्पाहार,नपा अध्यक्ष ने दिया आकर्षक उपहार
सुवा नृत्य की प्रस्तुति से प्रसन्न होकर नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला के परिवार के सदस्यों जिनमें उनके पिता छोटेलाल शुक्ला,उनकी पत्नी निशा शुक्ला एवं उनके भाई सनी शुक्ला ने बालिकाओं का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें स्वल्पाहार कराया। वहीं रोहित शुक्ला ने बालिकाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आकर्षक उपहार भेंट किए। इतना ही नहीं,बालिकाओं को देर तक पैदल या असुविधा का सामना न करना पड़े,इसके लिए नगर पालिका अध्यक्ष ने स्वयं अपने वाहन से सभी बालिकाओं को सुरक्षित उनके घर तक छोड़ा। उनके इस आत्मीय व्यवहार से बालिकाओं के चेहरे पर खुशी देखने को मिली।
लोकसंस्कृति से जुड़ी है सुवा नृत्य की परंपरा,सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना का प्रतीक
छत्तीसगढ़ का सुवा नृत्य केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं,बल्कि लोकआस्था,सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक भी माना जाता है। परंपरागत रूप से दीपावली के बाद धान की फसल तैयार होने के समय ग्रामीण क्षेत्रों में बालिकाएं और महिलाएं समूह बनाकर घर-घर सुवा नृत्य करने पहुंचती हैं। इस नृत्य में मिट्टी या बांस से बने सुवा (तोते) को टोकरी के बीच में स्थापित किया जाता है और उसके चारों ओर गोल घेरा बनाकर तालियों की लय पर पारंपरिक गीत गाए जाते हैं।
लोकमान्यता के अनुसार,घर में सुवा नृत्य करने पहुंची बालिकाओं का स्वागत करना शुभ माना जाता है। इसे घर-परिवार में सुख-समृद्धि,खुशहाली और अन्न-धन की वृद्धि की मंगलकामना से जोड़कर देखा जाता है। साथ ही यह नई फसल की खुशी साझा करने, आपसी प्रेम और भाईचारे को बढ़ाने तथा लोकपरंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का भी माध्यम है। हालांकि अलग-अलग क्षेत्रों में इससे जुड़ी मान्यताओं और गीतों में कुछ भिन्नताएं देखने को मिलती हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला के निवास पर आयोजित यह छोटा सा सांस्कृतिक मिलन भी छत्तीसगढ़ की लोकपरंपरा के प्रति सम्मान और बालिकाओं के उत्साहवर्धन का एक सुंदर उदाहरण बना। ऐसे आयोजनों से न केवल पारंपरिक लोककलाओं को प्रोत्साहन मिलता है,बल्कि नई पीढ़ी भी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ी रहती है।



