मुंगेली/गणेश उत्सव के पावन अवसर पर नगर में भक्ति और आस्था का वातावरण बना हुआ है। इसी क्रम में नगर पालिका परिषद मुंगेली के अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने नगर के विभिन्न स्थानों पर स्थापित भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमाओं के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनकी पत्नी निशा शुक्ला सहित परिवार के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने विभिन्न गणेश पंडालों में पहुंचकर विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश जी के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर नगरवासियों की सुख-समृद्धि,शांति एवं खुशहाली की कामना की।
इस दौरान रोहित शुक्ला ने विभिन्न गणेश उत्सव समितियों के सदस्यों,श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों से शिष्टाचार भेंट की और उन्हें गणेश उत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने गणेश उत्सव समितियों द्वारा की जा रही धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों की जानकारी ली तथा आयोजन से जुड़े लोगों से आत्मीय संवाद करते हुए उत्सव की व्यवस्थाओं को लेकर भी चर्चा की।
गणेश उत्सव के दौरान नगर के अलग-अलग वार्डों में स्थापित गणेश प्रतिमाओं के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। पंडालों में धार्मिक कार्यक्रमों के साथ विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का भी आयोजन किया जा रहा है,जिससे पूरे नगर में उत्साह और भक्तिमय वातावरण देखने को मिल रहा है।
नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने कहा कि भगवान श्री गणेश विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं। गणेश उत्सव हमें आपसी प्रेम,भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश देता है।
इस अवसर पर गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी एवं सदस्य, स्थानीय नागरिक तथा श्रद्धालुजन उपस्थित रहे। अंत में उन्होंने कामना की कि विघ्नहर्ता श्री गणेश जी की कृपा समस्त मुंगेली नगरवासियों पर सदैव बनी रहे और नगर निरंतर सुख,शांति एवं समृद्धि की ओर अग्रसर हो।




