मुंगेली/पवित्र श्रावण मास के दूसरे सोमवार को जिलेभर के शिवालयों में सुबह से ही आस्था और भक्ति का अद्भुत जनसैलाब उमड़ पड़ा। “हर-हर महादेव” और “जय भोलेनाथ” के जयकारों से पूरा नगर गुंजायमान रहा। नगर के प्रमुख एवं प्राचीन मंदिरों में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान आशुतोष का जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया।वही इस अवसर पर मंदिर समिति के द्वारा भगवान शिव का विशेष श्रृंगार किया गया था जो भक्तों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा।
नगर पालिका अध्यक्ष ने प्रसिद्ध शंकर मंदिर में की पूजा-अर्चना
इस पावन अवसर पर मुंगेली नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने नगर के अति प्राचीन एवं प्रसिद्ध शंकर मंदिर पहुंचकर भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने देवाधिदेव महादेव का जलाभिषेक,बेलपत्र,धतूरा और पुष्प अर्पित कर नगर एवं क्षेत्रवासियों के जीवन में सुख,शांति,समृद्धि और निरोगी काया की मंगल कामना की।
पूजा-अर्चना के उपरांत नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने कहा कि श्रावण मास भगवान भोलेनाथ की भक्ति का विशेष पर्व है। इस दौरान शिव जी की आराधना करने से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं और समाज में सुख-सौहार्द का वातावरण बनता है।
जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक रहे मौजूद
इस धार्मिक एवं भक्तिमय कार्यक्रम में नगर के कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ नागरिक विशेष रूप से उपस्थित रहे। मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना के दौरान इंद्रजीत कुर्रे,प्रभु मल्लाह,राजा मल्लाह,राम तलरेजा,दादू मल्लाह तथा मंदिर के मुख्य पुजारी सेवक भारती विशेष रूप से मौजूद रहे। पुजारी सेवक भारती ने पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मुख्य यजमान एवं उपस्थित भक्तों की पूजा संपन्न कराई और सभी को प्रसाद वितरण किया।
दिनभर चलता रहा दर्शन-पूजन का दौर
दूसरे सोमवार को लेकर मंदिरों में सुबह तड़के से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने बड़े ही उत्साह के साथ उपवास रखकर भोलेनाथ की उपासना की। सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मंदिर समितियों द्वारा श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। संध्या आरती के समय मंदिरों में विशेष श्रृंगार दर्शन का आयोजन भी किया गया,जिसमें भारी संख्या में शिवभक्त शामिल हुए।



