रायपुर/बेमेतरा/मुंगेली/क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य शासन ने बेमेतरा जिले के नांदघाट से मुंगेली जिला मुख्यालय तक की सड़क को टू-लेन के स्थान पर अब फोरलेन बनाने का बड़ा निर्णय लिया है। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव की विशेष पहल पर इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए राज्य सरकार ने 21 करोड़ 81 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि मंजूर की है।
कुल 137.81 करोड़ की लागत से बनेगा 36.40 किमी फोरलेन
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 में ‘केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि’ (CRIF) योजना के तहत नांदघाट-मुंगेली मार्ग के निर्माण के लिए 116 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए थे।
क्षेत्र में यातायात के बढ़ते दबाव और आम जनता की सहूलियत को देखते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने इस मार्ग को टू-लेन से फोरलेन में परिवर्तित करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए थे। उनके निर्देश के अनुपालन में गुरुवार को स्वीकृत 21.81 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि के बाद अब यह सड़क 137 करोड़ 81 लाख रुपये की कुल लागत से 36.40 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क के रूप में तैयार की जाएगी।
आवागमन होगा तेज,सुगम और सुरक्षित
नांदघाट-मुंगेली राज्य मार्ग के फोरलेन बनने से इस पूरे अंचल को कई महत्वपूर्ण लाभ मिलेंगे
राजधानी रायपुर से बेहतर कनेक्टिविटी:मुंगेली,लोरमी और पंडरिया के निवासियों का राजधानी रायपुर आना-जाना अब अधिक तेज,सुगम और सुरक्षित हो जाएगा।
मध्य प्रदेश के यात्रियों को राहत:पंडरिया के रास्ते पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश की ओर आवागमन करने वाले यात्रियों और व्यावसायिक वाहनों के समय की बचत होगी।
आर्थिक व व्यापारिक विकास:सड़क के चौड़ीकरण से क्षेत्रीय व्यापार को गति मिलेगी और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगेगा।
मंत्री दयालदास बघेल ने जताया आभार
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री तथा नवागढ़ विधायक दयालदास बघेल ने नांदघाट-मुंगेली सड़क को फोरलेन के रूप में मंजूरी दिलाने के लिए उप मुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है। उन्होंने क्षेत्र की इस बड़ी मांग के पूरे होने पर सभी क्षेत्रवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।



