मुंगेली/प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की महात्वाकांक्षी ‘प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना’ आज देश के कोने-कोने में आम नागरिकों के जीवन में उजियारा फैला रही है। मुंगेली जिले में भी यह योजना लोगों को भारी-भरकम बिजली बिलों से मुक्ति दिलाकर ऊर्जा आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से ले जा रही है। आर्थिक बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह योजना एक मील का पत्थर साबित हो रही है।
इसी बदलाव की एक प्रत्यक्ष मिसाल बनी हैं मुंगेली निवासी श्रीमती सृष्टि सोनी,जिन्होंने अपने घर की छत पर 10 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित कर न सिर्फ अपने परिवार को भारी बिजली खर्च से राहत दिलाई है,बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी अपना योगदान दिया है।
₹15,000 का बिल अब महज ₹500:सृष्टि सोनी की जुबानी
श्रीमती सृष्टि सोनी ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए बताया कि सोलर सिस्टम लगवाने से पहले उनके घर का मासिक बिजली बिल 10,000 से 15,000 रुपये तक आता था,जिससे घरेलू बजट पर काफी दबाव रहता था। लेकिन जब उन्होंने पीएम सूर्यघर योजना के तहत 10 किलोवाट का सोलर पैनल स्थापित कराया तो पासा ही पलट गया।
अब उनका मासिक बिजली बिल घटकर महज 500 से 700 रुपये रह गया है। इस अभूतपूर्व गिरावट से उनके परिवार को हर महीने हजारों रुपये की सीधी बचत हो रही है,जिसका उपयोग वे अब बच्चों की शिक्षा और अन्य जरूरी पारिवारिक जरूरतों में कर रही हैं।
शासन से मिली ₹2.16 लाख की बंपर सब्सिडी
श्रीमती सोनी ने यह भी बताया कि 10 किलोवाट क्षमता के इस बड़े प्रोजेक्ट को लगाने में शासन का पूरा सहयोग मिला। उन्हें सरकार की ओर से 02 लाख 16 हजार रुपये की भारी-भरकम सब्सिडी प्राप्त हुई,जिससे सोलर पैनल लगाने की कुल लागत काफी कम और किफायती हो गई।
योजना की सफलता और सरकार की सोच की सराहना करते हुए श्रीमती सोनी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहाकि
“यह योजना केवल बिजली बिल कम करने तक सीमित नहीं है,बल्कि स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देकर हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण को सुरक्षित करने का एक महान प्रयास है। मैं जिले के अन्य सभी नागरिकों से अपील करती हूँ कि वे भी आगे आएं और सौर ऊर्जा को अपनाएं।”
जानिए क्या है ‘पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना’ और सब्सिडी का गणित
छत्तीसगढ़ शासन और केंद्र सरकार की इस संयुक्त पहल के तहत रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने पर नागरिकों को बेहद आकर्षक सब्सिडी प्रदान की जा रही है
01 किलोवाट क्षमता पर:₹45,000 की सब्सिडी
02 किलोवाट क्षमता पर:₹90,000 की सब्सिडी
03 किलोवाट क्षमता पर: ₹1,08,000 की सब्सिडी
इसके अलावा,जिन नागरिकों के पास शुरुआती निवेश की कमी है,उनके लिए विभिन्न बैंकों के माध्यम से कम ब्याज दर और आसान किश्तों में ऋण सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। इससे आम से लेकर मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाना बेहद सरल,सुलभ और किफायती बन गया है।
मुंगेली जिले में जिस तेजी से लोग इस योजना से जुड़ रहे हैं, उससे यह साफ है कि आने वाले समय में जिले का हर घर ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनकर ‘हरित मुंगेली’ के सपने को साकार करेगा।



