मुंगेली/जिला प्रशासन द्वारा नगर पालिका क्षेत्र में आम जनमानस और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक बड़ा कदम उठाया गया है। कलेक्टर कुंदन कुमार के स्पष्ट निर्देशों के परिपालन में नगर पालिका परिषद मुंगेली ने क्षेत्र के बेहद पुराने,जर्जर और खस्ताहाल शासकीय भवनों,स्कूलों व आंगनबाड़ियों को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कलेक्टर के निर्देश के बाद हरकत में आए मुख्य नगर पालिका अधिकारी होरी सिंह ठाकुर की अगुवाई में नगर पालिका की टीम ने शहर के तीन प्रमुख जर्जर स्कूल भवनों को ढहाने का काम युद्ध स्तर पर प्रारंभ कर दिया है।
सुरक्षा के लिहाज से ढहाए गए ये 3 जर्जर भवन
प्रशासन द्वारा चलाए गए इस अभियान के तहत पहले चरण में निम्नलिखित स्थलों पर स्थित जर्जर स्कूल भवनों को ध्वस्त किया गया
नवापारा स्थित प्राथमिक विद्यालय भवन
बीआरसी कार्यालय के पास स्थित ठक्कर बापा स्कूल भवन
नगर पालिका स्कूल प्रांगण में स्थित पुराना जर्जर भवन
ये भवन लंबे समय से अत्यंत दयनीय स्थिति में थे। बारिश के मौसम में इनके ढहने या कोई बड़ा हादसा होने का अंदेशा बना हुआ था। इस कार्रवाई से अब स्कूल में पढ़ने वाले मासूम बच्चों,शिक्षकों और आसपास के रहवासियों ने राहत की सांस ली है।
कार्रवाई के दौरान जिम्मेदार अधिकारी व जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
ध्वस्तीकरण की इस महत्वपूर्ण कार्रवाई के दौरान मौके पर प्रशासनिक अमले के साथ-साथ शिक्षक और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। उपस्थिति दर्ज कराने वालों में मुख्य रूप से उपस्थित रहे
होरी सिंह ठाकुर,मुख्य नगर पालिका अधिकारी,विद्यानंद मधुकर यादव,सहायक अभियंता,नेमिचंद्र वर्मा,उप अभियंता,संजय चंदेल,वार्ड पार्षद,संबंधित स्कूलों के शिक्षकगण एवं पालिका अमला
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा मानकों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। कलेक्टर के आदेशानुसार नगर पालिका क्षेत्र में आने वाले अन्य जर्जर शासकीय भवनों और आंगनबाड़ी केंद्रों को भी चिह्नित कर जल्द ही ध्वस्त किया जाएगा,ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अनहोनी या दुर्घटना से बचा जा सके।



