मुंगेली/नगर के रेहूंटा ग्राम के पास स्थित गौ सेवा धाम में गौ वंशों के संरक्षण और उनके बेहतर रखरखाव के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने गौशाला परिसर में व्यवस्थित निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों व निर्माण एजेंसी को तय समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए।
अध्यक्ष मद से 9 लाख 55 हजार रुपये की स्वीकृति
उल्लेखनीय है कि गौ सेवा धाम में बेसहारा और बीमार गौ वंशों के लिए लंबे समय से एक सुव्यवस्थित शेड और परिसर निर्माण की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसे गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने संवेदनशीलता दिखाते हुए अपने अध्यक्ष मद से 9 लाख 55 हजार रुपए की राशि जारी की थी। इस राशि से गौशाला में आधुनिक और व्यवस्थित निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया है,ताकि मवेशियों को मौसम की मार से बचाया जा सके।
घायल गौ वंशों के इलाज की समुचित व्यवस्था
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने कुछ दिन पूर्व दुर्घटनाओं में घायल हुए गौ वंशों की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद गौशाला प्रबंधन को निर्देशित किया कि घायल व बीमार गौ माता के समुचित इलाज में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए। दवाइयों से लेकर उनके चारे-पानी की उत्तम व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
“गौ सेवा हमारे संस्कारों में शामिल है। रेहूंटा के गौ सेवा धाम को एक आदर्श गौशाला के रूप में विकसित करना हमारी प्राथमिकता है। 9.55 लाख रुपये की लागत से हो रहे इस निर्माण कार्य से गौ वंशों को काफी राहत मिलेगी।”
रोहित शुक्ला, अध्यक्ष,नगर पालिका मुंगेली
इस निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष के साथ प्रमुख रूप से धीरज पाण्डेय,गौ सेवक उपस्थित रहे। सभी ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को बनाए रखने और समय पर काम पूरा करने का संकल्प दोहराया।



