मुंगेली/नगर पालिका क्षेत्र के राजेंद्र वार्ड और शंकर वार्ड के निवासियों के लिए भीषण गर्मी के बीच राहत की एक बड़ी खबर आई है। मल्हापारा स्थित गायत्री मंदिर के समीप पिछले कई दिनों से खराब पड़े बोरवेल को पालिका प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए दुरुस्त कर लिया गया है। इस समस्या के समाधान के बाद दोनों ही वार्डों के नागरिकों ने राहत की सांस ली है और नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला का आभार व्यक्त किया है।
भीषण गर्मी में पानी के लिए तरस रहे थे दो वार्ड
गौरतलब है कि पिछले एक हफ्ते से गायत्री मंदिर के पास स्थित मुख्य बोरवेल ठप पड़ा हुआ था। इसके चलते राजेंद्र वार्ड और शंकर वार्ड के सैकड़ों घरों में पेयजल की भारी किल्लत पैदा हो गई थी। पारा चढ़ने के साथ ही पानी की मांग बढ़ रही थी,लेकिन बोर खराब होने के कारण स्थानीय निवासी बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान होने को मजबूर थे।
नपा अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने दिखाई संवेदनशीलता,अधिकारियों को दिए निर्देश
जब इस गंभीर समस्या की सूचना स्थानीय नागरिकों द्वारा नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला को दी गई,तो उन्होंने मामले को बेहद गंभीरता से लिया। वार्ड वासियों की तकलीफ को देखते हुए वो तत्काल मौके पर पहुंचे और नगर पालिका के संबंधित अधिकारियों को युद्ध स्तर पर काम शुरू करने के कड़े निर्देश दिए। उनका स्पष्ट आदेश था कि जब तक पानी की समस्या दूर नहीं हो जाती तब तक वैकल्पिक और त्वरित व्यवस्थाएं जारी रहनी चाहिए।
300 फीट गहरे बोर से मोटर निकालने बेमेतरा से बुलाई गई स्पेशल टीम
जांच के दौरान पता चला कि बोरवेल की मोटर करीब 300 फीट की गहराई में जाकर बुरी तरह फंस गई थी,जिसे सामान्य तौर पर निकाल पाना मुश्किल हो रहा था। समस्या की जटिलता को देखते हुए नपा अध्यक्ष रोहित शुक्ला के निर्देश पर तुरंत बेमेतरा से एक विशेषज्ञ तकनीकी टीम को मुंगेली बुलाया गया।
बेमेतरा से आई इस स्पेशल टीम ने आधुनिक उपकरणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद मल्हापारा के बोर में 300 फीट नीचे फंसी मोटर को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद बोर की मरम्मत कर जल आपूर्ति को दोबारा बहाल किया गया।
जनता ने नपा अध्यक्ष रोहित शुक्ला का जताया आभार
हफ्ते भर से चल रही पेयजल किल्लत का त्वरित और स्थाई निदान होने पर राजेंद्र वार्ड और शंकर वार्ड के नागरिकों में खुशी की लहर है। स्थानीय निवासियों ने तत्परता से काम कराने और इस भीषण गर्मी में बड़ी राहत पहुंचाने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला और उनकी पूरी टीम के प्रति दिल से आभार व्यक्त किया है। नागरिकों का कहना है कि नगर पालिका अध्यक्ष की सजगता के कारण ही इतने बड़े संकट से उन्हें इतनी जल्दी मुक्ति मिल सकी है। इस अवसर पर राम तलरेजा सहित वार्डवासी मौजद रहे



