मुंगेली/छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक कलाओं को सहेजने की दिशा में मुंगेली जिले में एक बड़ा कदम उठाया गया है। ‘छत्तीसगढ़ फिल्म लोककला एवं मिनी थियेटर सहकारी समिति मर्यादित’ की विशेष बैठक में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इस चुनाव में युवा कला प्रेमी आयुष धर दीवान को निर्विरोध जिलाध्यक्ष चुना गया है वहीं मधु प्रसाद साहू को निर्विरोध उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दोनों शीर्ष पदाधिकारियों के निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा होते ही मुंगेली जिले के लोक कलाकारों,रंगकर्मियों और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े प्रबुद्ध जनों में हर्ष का माहौल है। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का पुष्पगुच्छ और माला पहनाकर भव्य स्वागत किया और उनके उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
छत्तीसगढ़ फिल्म लोककला एवं मिनी थियेटर सहकारी समिति मर्यादित प्रदेश के कोने-कोने में छिपी प्रतिभाओं को तराशने के लिए प्रतिबद्ध है। समिति के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल हैं
सांस्कृतिक संरक्षण:छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोक कला,लोकगीत,लोकसंगीत,लोकनाट्य और लुप्त होती विधाओं को बचाना और उन्हें पुनर्जीवित करना।
कलाकारों का सशक्तिकरण:ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के कलाकारों को न केवल प्रशिक्षण और उचित मंच प्रदान करना,बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और मजबूत बनाना।
मिनी थियेटर की संकल्पना:थानीय स्तर पर थियेटर और कला दीर्घाओं के माध्यम से छत्तीसगढ़ी फिल्मों और नाटकों के लिए नए अवसर पैदा करना।
कलाकारों को मिलेगा हक और पहचान:आयुष धर दीवान
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष आयुष धर दीवान ने अपनी नियुक्ति पर आभार व्यक्त करते हुए भविष्य की योजनाओं को साझा किया। उन्होंने कहा:
मुंगेली जिला हमेशा से कला और संस्कृति के मामले में समृद्ध रहा है, लेकिन यहाँ के कई प्रतिभावान कलाकारों को सही मंच नहीं मिल पाता। समिति के माध्यम से हमारा पहला लक्ष्य हर छोटे-बड़े लोक कलाकार को आगे बढ़ाना,उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मंच देना और छत्तीसगढ़ की गौरवशाली लोक संस्कृति को एक नई व आधुनिक पहचान दिलाना है।
बैठक में वरिष्ठ कलाकारों और सदस्यों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस ऐतिहासिक बैठक और शपथ ग्रहण के अवसर पर जिले के कई नामचीन कलाकार, साहित्यकार और समिति के सक्रिय सदस्य मौजूद रहे। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देने वालों में प्रमुख रूप से शामिल रहे
कृष्णा यादव,महावीर साहू,दुर्गा जायसवाल,रानी पांडेय,मेघा पाठक,गोपिका कश्यप,दुर्गा कश्यप,विकास सोनी,पवन प्रजापति,तुलसी यादव,शानू यादव,डॉ. शोभाराम साहू,ऋषि श्रीवास,तुषार तिवारी,आकाश पांडेय
कला जगत से जुड़े शुभचिंतकों का मानना है कि आयुष धर दीवान और मधु प्रसाद साहू के नेतृत्व में मुंगेली जिले के सांस्कृतिक परिदृश्य में एक नया और सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।



